छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने महत्वपूर्ण फैसले में स्पष्ट किया है कि वैवाहिक जीवन में किसी अन्य पुरुष के साथ लगातार संपर्क बनाए रखना और उससे मिलना मानसिक क्रूरता के दायरे में आता है। न्यायालय ने कहा कि ऐसे मामलों में हर बार शारीरिक संबंधों के प्रत्यक्ष साक्ष्य का होना आवश्यक नहीं है।
यह मामला कोरिया जिले के बैकुंठपुर क्षेत्र से संबंधित है। दंपती का विवाह वर्ष 1994 में हिंदू रीति-रिवाज से हुआ था। इस दंपती के तीन बच्चे हैं, जिनमें एक बेटा और दो बेटियां हैं। पति का आरोप था कि उसकी पत्नी का किसी दूसरे पुरुष से संबंध है और मना करने के उपरांत भी वह उससे लगातार बातचीत करती रही। इस व्यवहार से उनका वैवाहिक जीवन गंभीर रूप से प्रभावित हुआ। इसी आधार पर पति ने मानसिक प्रताड़ना का हवाला देते हुए पारिवारिक न्यायालय में तलाक की अर्जी दाखिल की थी। पारिवारिक न्यायालय ने 23 नवंबर 2019 को पर्याप्त साक्ष्य न होने की बात कहते हुए पति की याचिका को खारिज कर दिया था। इसके बाद पति ने उच्च न्यायालय में अपील दायर की।
उच्च न्यायालय ने मामले की सुनवाई के दौरान गवाहों के बयानों और पेश किए गए साक्ष्यों की जांच की। अदालत में सुनवाई के दौरान दंपती की बेटी ने गवाही दी कि उसकी मां एक व्यक्ति से फोन पर लगातार बात करती थी। परिवार के लोगों द्वारा समझाने के बाद भी उसने बातचीत बंद नहीं की। बेटे ने भी अपने बयान में बताया कि पिता की गैरमौजूदगी में वह व्यक्ति घर आता था। जब बच्चों ने इसकी जानकारी अपने पिता को दी, तो मां ने उन्हें डांटकर चुप करा दिया। बेटे के अनुसार उसकी मां एक बार घर छोड़कर उस व्यक्ति के घर भी चली गई थी। इसके अलावा पति ने अदालत को बताया कि 22 अगस्त, 2017 को पत्नी के माता-पिता की तबीयत बिगड़ने पर उसने पत्नी को अस्पताल भेजा था। बाद में उसने पत्नी को उसी व्यक्ति के साथ बाइक पर देखा। समझाने पर पत्नी ने दोबारा संपर्क न रखने का भरोसा दिया था, लेकिन कुछ समय बाद उसने फिर बातचीत शुरू कर दी।
उच्च न्यायालय ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद पाया कि पारिवारिक न्यायालय ने मामले के कई महत्वपूर्ण पहलुओं पर विचार नहीं किया था। उच्च न्यायालय ने अपने निर्णय में कहा कि विवाहेतर संबंधों के मामलों में हर बार प्रत्यक्ष साक्ष्य जुटाना संभव नहीं होता। ऐसे मामलों में केवल वीडियो या फोन रिकॉर्डिंग जैसे प्रत्यक्ष प्रमाणों की उम्मीद नहीं की जा सकती, बल्कि परिस्थितियों से जुड़े साक्ष्यों और गवाहों के बयानों का एक साथ सही ढंग से मूल्यांकन करना जरूरी होता है। अदालत ने माना कि यदि शारीरिक संबंध साबित न भी हों, तब भी पति की अनुपस्थिति में किसी पुरुष को घर बुलाना, उससे लगातार फोन पर बात करना और उसके साथ बाहर जाने जैसी गतिविधियां मानसिक क्रूरता के आकलन में अत्यंत महत्वपूर्ण मानी जाएंगी। इन्हीं परिस्थितियों के आधार पर उच्च न्यायालय ने पारिवारिक न्यायालय का आदेश निरस्त कर दिया और पति की तलाक की अपील स्वीकार कर ली।







