आज केंद्रीय कैबिनेट की बैठक- PM मोदी मंत्रियों के साथ करेंगे मंथन, परिसीमन-महिला आरक्षण विधेयक पर चर्चा संभव

प्रधानमंत्री मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय कैबिनेट की बैठक आज होने वाली है। बता दें कि, संसद के दोनों सदनों की बैठक दोबारा बुलाए जाने के प्रस्ताव के बाद सरकार ने अपनी रणनीति को अंतिम रूप देने की तैयारी शुरू कर दी है। इसी कड़ी में प्रधानमंत्री मोदी आज केंद्रीय कैबिनेट और मंत्रियों के साथ बैठक में गहन मंथन करेंगे। माना जा रहा है कि इस बैठक में आगामी संसद सत्र के विधायी एजेंडे, महत्वपूर्ण विधेयकों और सदन में सरकार की रणनीति पर चर्चा होगी।

 

महिला कोटा विधेयक पर चर्चा संभव
समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, संसद के सत्र से पहले शुक्रवार को केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में परिसीमन से जुड़े महिला कोटा विधेयक पर चर्चा होने की संभावना है।

 

संसद सत्र की रूपरेखा पर होगा मंथन
इससे पहले गुरुवार को संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने जानकारी देते हुए बताया था कि सरकार ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से सोमवार, 30 नवंबर 2026 को और राज्यसभा के सभापति सी.पी. राधाकृष्णन से बुधवार, 2 दिसंबर 2026 को सदन की बैठक बुलाने का अनुरोध किया है। आवश्यक सरकारी कामकाज के तहत यह सत्र गुरुवार, 3 दिसंबर तक चल सकता है।

मंत्रियों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश
वहीं, सत्र की तैयारियों को लेकर प्रधानमंत्री मोदी पहले ही मंत्रियों को 15 दिसंबर से पहले अपने-अपने मंत्रालयों के सभी विधायी और प्रशासनिक कार्य पूरे करने तथा विदेश यात्राओं से बचने की सलाह दे चुके हैं। आज होने वाले बैठक में सभी मंत्रालयों से उनके लंबित प्रस्तावों और विधेयकों की स्थिति पर रिपोर्ट ली जा सकती है, ताकि 30 नवंबर से शुरू होने वाली कार्यवाही के दौरान सदन में पूरी तैयारी के साथ उतरा जा सके।

और पढ़े  दिल्ली के पार्क में बच्ची से दुष्कर्म: चीख सुनकर लोगों ने आरोपी को पकड़ा, पुलिस के हवाले, करने वाला था हत्या

सियासी गलियारों में हलचल, विपक्ष की भी बैठक कल
उधर, संसद सत्र को देखते हुए विपक्ष भी अलर्ट हो गया है। इसके मद्देनजर कांग्रेस ने भी आज शाम 4:30 बजे दिल्ली में पार्टी की वरिष्ठ सांसद सोनिया गांधी की अध्यक्षता में अपने संसदीय रणनीति समूह की बैठक बुलाई है।

 

 

संसद सत्र पर क्या बोले बीजद नेता?
वहीं, सरकार की तरफ से संसद को 30 नवंबर से 3 दिसंबर तक फिर से बुलाने के प्रस्ताव पर बीजद उपाध्यक्ष प्रसन्ना आचार्य ने कहा, ‘हमें पहले से ही इसकी आशंका थी क्योंकि लोकसभा का पिछला सत्र काफी पहले समाप्त हो गया था, लेकिन अभी तक स्थगित नहीं किया गया था। इसलिए आशंका थी कि किसी भी क्षण बिना नया समन जारी किए संसद का सत्र बुलाया जा सकता है। अब ऐसा ही हुआ है। सत्ताधारी दल द्वारा अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि सत्र को पुनः क्यों बुलाया जा रहा है… जैसा कि अनुमान लगाया जा रहा था, संभवतः सरकार परिसीमन विधेयक को महिला आरक्षण विधेयक के साथ फिर से पेश करने जा रही है… मुझे नहीं पता कि इस बार विधेयक का स्वरूप क्या होगा, लेकिन हमें उम्मीद है कि विपक्षी दलों द्वारा उठाए गए आपत्तियों वाले बिंदुओं का सौहार्दपूर्ण ढंग से समाधान हो जाएगा और सरकार अपना रुख बदलेगी’। उन्होंने यह भी कहा, ‘पार्टी नेतृत्व इस पर अपना रुख स्पष्ट करेगा। नवीन पटनायक पार्टी के नेता हैं। पार्टी के सहयोगियों से परामर्श के बाद वे अपना रुख स्पष्ट कर सकते हैं, और पार्टी भी अपना रुख स्पष्ट करेगी’।

  • Related Posts

    महिला आरक्षण-परिसीमन पर फिर दांव लगाएगी सरकार: द्रमुक और शरद पवार की पार्टी ने रखीं शर्तें, क्या पास होगा बिल?

    लोकसभा और राज्यसभा सचिवालय ने गुरुवार को अलग-अलग बुलेटिन जारी किए। इनमें आगामी चार दिवसीय संसदीय सत्र का कार्यक्रम बताया गया है। बुलेटिन के मुताबिक, इस सत्र में प्रश्नकाल नहीं…

    13 राज्यों में कोहरे का अलर्ट: उत्तर और मध्य भारत में पारा लुढ़का, जम्मू-कश्मीर और हिमाचल में झीलें जमीं

    पहाड़ों पर बर्फबारी का असर मैदानी इलाकों पर भी पड़ने लगा। कई राज्यों में तापमान गिरा है। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में रात का तापमान गिरने…