भारत नगर के पार्क में सुनसान जगह पर 10 साल की बच्ची को अकेला पाकर एक व्यक्ति ने उससे दुष्कर्म किया। बच्ची की चीख सुनकर आसपास मौजूद लोगों ने आरोपी को पकड़कर उसकी धुनाई करने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने दुष्कर्म और पॉक्सो के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने बताया कि वह दुष्कर्म के बाद बच्ची की हत्या करने की फिराक में था।
उत्तर पश्चिम जिला पुलिस उपायुक्त आकांक्षा यादव ने बताया कि आरोपी ने सात साल पहले स्वरूप नगर में भी एक बच्ची से दुष्कर्म किया था। इस मामले में उसे सात साल की सजा हुई थी। कुछ माह पहले ही वह जेल से निकला था। जेल से निकलने के बाद चंद्रावल में रहने वाले आरोपी के परिजनों ने उसे अपने साथ रहने से मना कर दिया था। उसके बाद से वह आवारागर्दों की तरह विभिन्न इलाके में रह रहा था।
भारत नगर के पार्क में बच्ची के साथ दुष्कर्म की घटना के मामले में दिल्ली विकास प्राधिकरण ने प्रतिक्रिया दी है। डीडीए का दावा है कि पार्क में तैनात सुरक्षा कर्मियों ने सक्रियता दिखाकर स्थानीय पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
डीडीए ने दावा किया कि करीब 22.80 एकड़ में फैले इस पार्क में आगंतुकों की सुरक्षा के लिए जरूरी इंतजाम किए गए हैं। पार्क में 47 लाइटें चालू हालत में हैं। चारदीवारी, प्रवेश और निकास के लिए गेट तथा महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को लेकर जागरूकता संबंधी बोर्ड भी लगाए गए हैं। पार्क में 24 घंटे छह सुरक्षा गार्ड तैनात रहते हैं। प्रत्येक शिफ्ट में दो गार्ड ड्यूटी पर मौजूद रहते हैं।
डीडीए ने बताया कि पार्क में आने वाले लोगों की सुरक्षा को गंभीरता से लिया जाता है। पार्कों में सुरक्षित माहौल बनाए रखना विभाग की प्राथमिकता है। इस मामले में जांच और आगे की कार्रवाई के लिए डीडीए पुलिस प्रशासन को हरसंभव सहयोग देने के लिए तैयार है।
पुलिस प्रभावी कार्रवाई नहीं कर रही : भारद्वाज
भारत नगर थाना क्षेत्र में बच्ची से दुष्कर्म की घटना को लेकर आम आदमी पार्टी ने दिल्ली सरकार और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। आप के प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने आरोप लगाया कि इलाके में नशे का कारोबार और नशेड़ियों की गतिविधियां बढ़ रही हैं, लेकिन पुलिस प्रभावी कार्रवाई नहीं कर रही है। उन्होंने दावा किया कि बच्ची घर के पास पार्क से गुजर रही थी, तभी नशे के आदी एक व्यक्ति ने उसके साथ दुष्कर्म किया और उसकी हत्या की कोशिश भी की।






