अगले साल की शुरुआत में अलग-अलग राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी माहौल अभी से गर्म है। इस बीच कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश में अपने संगठन में बड़ा बदलाव किया है। पार्टी ने अजय राय को प्रदेशाध्यक्ष पद से हटाकर अब आराधना मिश्र उर्फ मोना को यूपी कांग्रेस का अध्यक्ष पद सौंपा है। इस बड़े बदलाव को कांग्रेस की विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच एक अहम कदम माना जा रहा है।
पहले जानें- कौन हैं आराधना मिश्रा?
आराधना मिश्रा ‘मोना’ की पारिवारिक पृष्ठभूमि राजनीतिक और सामाजिक रूप से काफी प्रतिष्ठित रही है। उनके पिता प्रमोद तिवारी कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद हैं, जो कि मौजूदा समय में राज्यसभा में उपनेता प्रतिपक्ष हैं। वे उत्तर प्रदेश की रामपुर खास विधानसभा सीट से लगातार 9 बार विधायक रहे हैं और एक ही पार्टी व निशान से लगातार जीतने का उनका रिकॉर्ड गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में भी दर्ज है। खुद आराधना भी शुरुआती समय से ही सामाजिक कार्यों और इसके बाद राजनीति में सक्रिय रहीं। वे इलाहबाद यूनिवर्सिटी से स्नातक तक की पढ़ाई कर चुकी हैं और इसके साथ ही लंबे समय तक एनजीओ से जुड़े कार्य भी संभाल चुकी हैं।
कितनी संपत्ति की मालकिन हैं आराधना मिश्रा?
साल 2022 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव (रामपुर खास, प्रतापगढ़) के लिए दाखिल चुनावी हलफनामे के मुताबिक, आराधना मिश्रा ‘मोना’ की संपत्ति उनके पहले चुनाव (2014) से लेकर उनके हालिया चुनाव (2022) तक लगातार बढ़ी है।
- आराधना मिश्रा की खुद की चल संपत्ति लगभग ₹1.07 करोड़ है। 2022 में उनके पास कुल 30 हजार रुपये नकद, 400 ग्राम सोना और 2 किग्रा चांदी थी।
- आराधना के पास ₹1.25 लाख की पिस्टल, लैपटॉप और मोबाइल फोन भी चल संपत्ति के तौर पर मौजूद हैं। उनके पति के पास भी एक पिस्टल और 1 बंदूक है।
- उनके पति अंबिका मिश्रा के पास लगभग ₹4.95 करोड़ की संपत्ति है। उनके पास मस्टैंग की जीटी कार है, जिसकी कीमत 45 लाख रुपये बताई गई थी।
- इसके अलावा आराधना के पति के पास 50 ग्राम सोना, पांच किग्रा चांदी और ₹6 लाख के रत्न थे। अम्बालिका कंस्ट्रक्शन और अन्य कंपनियों में शेयर से उनके पास 2.26 करोड़ की संपत्ति थी।
- आराधना के आश्रितों के पास लगभग ₹3.33 लाख के बैंक डिपॉजिट/चल संपत्ति दर्शायी गई थी।
अन्य नियुक्तियां
कांग्रेस की ओर से जारी प्रेस रिलीज के मुताबिक, उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी में दो वरिष्ठ उपाध्यक्षों की भी नियुक्ति की गई है। इनमें देविंदर निषाद और आलोक प्रसाद शामिल हैं। सभी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी। पार्टी ने उत्तर प्रदेश कांग्रेस के निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के योगदान की सराहना की है।







