भारतीय जनता पार्टी ने राष्ट्रीय स्तर पर अपने संगठन में कई बड़े बदलाव किए हैं। नितिन नवीन की अध्यक्षता वाली पार्टी में 65 पदाधिकारी नियुक्त हुए हैं, जिनमें धार्मिक समन्वय भी बिठाने की कोशिश की गई है। अगर धार्मिक लिहाज से देखा जाए तो सामने आता है कि भाजपा की नई टीम में दो मुस्लिम चेहरों को भी जगह दी गई है। यह दो नाम हैं- तारिक मंसूर और बासित अली। जहां तारिक मंसूर को पार्टी ने राष्ट्रीय उपाध्यक्ष का पद सौंपा है, वहीं कुंवर बासित अली भाजपा राष्ट्रीय अल्पसंख्यक मोर्चा के अध्यक्ष बनाए गए हैं।
कौन हैं भाजपा के संगठन में शामिल दो मुस्लिम चेहरे?
1. तारिक मंसूर
डॉ. तारिक मंसूर भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के रूप में दोबारा नियुक्त किए गए हैं। वे उत्तर प्रदेश से आते हैं और मौजूदा समय में उत्तर प्रदेश विधान परिषद के सदस्य (एमएलसी) हैं, जिन्हें अप्रैल 2023 में योगी सरकार द्वारा मनोनीत किया गया था।
- डॉ. तारिक मंसूर का जन्म 20 सितंबर 1956 को अलीगढ़ में हुआ था। उनके पिता- प्रोफेसर हफीजुल रहमान अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) के कानून विभाग के संस्थापक डीन थे। डॉ. मंसूर का विवाह हामिदा तारिक से हुआ, जो कि जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज में प्रोफेसर हैं।
- उन्होंने एएमयू के जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज से 1978 में एमबीबीएस और 1982 में सर्जरी में एमएस की डिग्री हासिल की। उन्होंने यहां 1980 से 1983 तक मेडिकल कॉलेज में रजिस्ट्रार और फिर 1983 से 1985 के बीच मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) की जिम्मेदारी निभाई।
- 1985 से 1986 तक वे सऊदी अरब में किंग फहाद टीचिंग हॉस्पिटल में सर्जिकल स्पेशलिस्ट के तौर पर कार्यरत रहे। भारत लौटने के बाद वे एएमयू में ही असिस्टेंट प्रोफेसर बन गए। इसके बाद 1993 में वे एसोसिएट और 2002 से 2013 तक प्रोफेसर रहे।
- तारिक मंसूर को पहली बड़ी नियुक्ति 2017 में मिली। उन्हें अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय का कुलपति (वाइस चांसलर) बनाया गया। एएमयू के 100 से ज्यादा वर्षों के इतिहास में वे पहले ऐसे कुलपति हैं, जो अपने कार्यकाल के बाद सीधे भाजपा के जरिए सक्रिय चुनावी राजनीति में शामिल हुए।
- वे राष्ट्रीय स्तर पर मेडिकल काउंसिल ऑफ इंडिया, आईआईएम लखनऊ के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स, मौलाना आजाद एजुकेशन फाउंडेशन की शासी निकाय और भारत सरकार की पद्म पुरस्कार समिति के सदस्य के रूप में भी सेवा दे चुके हैं।
राजनीतिक सफर और संबंध
वे साल 2023 में औपचारिक रूप से भाजपा में शामिल हुए। उन्हें राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) और भाजपा के शीर्ष नेतृत्व के काफी करीब माना जाता है। मई में दिल्ली के लाल किले में आयोजित आरएसएस के एक कार्यक्रम में भी वे शामिल हुए थे, जिसमें संघ प्रमुख मोहन भागवत मौजूद थे।
2. कुंवर बासित अली
कुंवर बासित अली भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किए गए हैं। इससे पहले वे लंबे समय तक उत्तर प्रदेश भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष के रूप में काम कर रहे थे। वे राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. तारिक मंसूर के साथ मिलकर उत्तर प्रदेश में भाजपा के दो सबसे प्रमुख मुस्लिम चेहरों के रूप में उभरे हैं।





