दिल्ली के आठ सरकारी स्कूलों की बदलेगी सूरत: लगेंगे लिफ्ट-एसी और स्मार्ट लैब, किस स्कूल को कितना मिलेगा बजट?

पूर्वी दिल्ली के आठ सरकारी स्कूलों की तस्वीर बदलने की तैयारी है। इन स्कूलों में विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक माहौल देने के साथ आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इसके लिए लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने 22.50 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से विकास और मरम्मत कार्य कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।  परियोजना के तहत स्कूलों में लिफ्ट, वातानुकूलित व्यवस्था, आधुनिक लैब, स्मार्ट फर्नीचर, अग्निशमन प्रणाली और रूफटॉप सोलर पैनल जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए आधुनिक सिंथेटिक कोर्ट भी  बनाए जाएंगे।

इस परियोजना में पूर्वी दिल्ली के आठ सरकारी स्कूलों को शामिल किया गया है। इनमें आईपी एक्सटेंशन, गांधी नगर और सूरजमल विहार के सीएम श्री स्कूलों के अलावा शकूरपुर, चिल्ला गांव, खिचड़ीपुर, राजगढ़ कॉलोनी और विवेक विहार के स्कूल शामिल हैं।  परियोजना के लिए निर्धारित बजट में करीब 13 करोड़ रुपये सिविल कार्यों और 9.50 करोड़ रुपये इलेक्ट्रिकल व अन्य आधुनिक सुविधाओं पर खर्च किए जाएंगे।
एक्रेलिक सिंथेटिक कोर्ट विकसित होंगे : परियोजना में पढ़ाई के साथ खेल गतिविधियों के लिए भी जगह बनाई गई है। इसके तहत स्कूल परिसरों में एक्रेलिक सिंथेटिक कोर्ट विकसित किए जाएंगे।

इनमें अंतरराष्ट्रीय टेनिस महासंघ (आईटीएफ) के मानकों के अनुरूप कोर्ट तैयार करने की व्यवस्था शामिल है। इससे विद्यार्थियों को स्कूल परिसर में ही खेल अभ्यास के लिए बेहतर जगह मिल सकेगी।

मॉड्यूलर फर्नीचर लगाया जाएगा

स्कूलों में विद्यार्थियों और शिक्षकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कई तरह के बदलाव किए जाएंगे। बहुमंजिला इमारतों में आने-जाने के लिए लिफ्ट की व्यवस्था होगी। वहीं कक्षाओं और अन्य निर्धारित स्थानों पर वातानुकूलित व्यवस्था विकसित की जाएगी। विज्ञान और कंप्यूटर की पढ़ाई को बेहतर बनाने के लिए आधुनिक लैब तैयार की जाएंगी। विद्यार्थियों के बैठने के लिए मॉड्यूलर फर्नीचर लगाया जाएगा। आग से सुरक्षा के लिए ऑटोमैटिक फायर फाइटिंग सिस्टम और बिजली की खपत कम करने के लिए छतों पर सोलर पैनल लगाए जाएंगे।

और पढ़े  दिल्ली: आज से ई-निर्भीक सिस्टम शुरू,अब छात्राएं-महिलाएं थाने जाए बगैर क्यूआर कोड स्कैन कर दे सकेंगी शिकायत

इन आठ स्कूलों में होंगे विकास कार्य

आईपी एक्सटेंशन स्थित राजकीय प्रतिभा विकास विद्यालय (आरपीवीवी)/स्कूल ऑफ स्पेशलाइज्ड एक्सीलेंस (एसओएसई) में करीब 1.90 करोड़ रुपये, राजकीय सर्वोदय कन्या विद्यालय (आरएसकेवी) नंबर-2 शकूरपुर में 3.17 करोड़ रुपये, चिल्ला गांव मयूर विहार फेज-1 स्थित सरकारी सह-शिक्षा वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में 2.37 करोड़ रुपये और खिचड़ीपुर स्थित एसओई/एसओएसई में करीब 2.65 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसी तरह गांधी नगर स्थित आरपीवीवी/एसओएसई में 2.81 करोड़ रुपये, सूरजमल विहार स्थित आरपीवीवी/एसओएसई में 3.98 करोड़ रुपये, राजगढ़ कॉलोनी स्थित एसबीवी में 3.17 करोड़ रुपये और विवेक विहार फेज-2 स्थित जीजीएसएसएस में करीब 2.42 करोड़ रुपये की लागत से काम कराया जाएगा।

  • Related Posts

    मुहूर्त ट्रेडिंग लाइव: बीएसई व एनएसई में 1 घंटे का विशेष मुहूर्त ट्रेडिंग सत्र, जानें संवत 2083 की शुरुआत कैसे

    दिवाली के पावन अवसर पर भारतीय शेयर बाजार (बीएसई और एनएसई) में एक घंटे के विशेष ‘मुहूर्त ट्रेडिंग’ सत्र की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। नए हिंदू कैलेंडर वर्ष ‘संवत…

    बस्तर में जवानों के साथ दिवाली मनाएंगे प्रधानमंत्री मोदी: बोले- जहां कभी नक्सलियों का कहर था, वहां आज विकास की बहार

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस बार दिवाली का त्योहार छत्तीसगढ़ के बस्तर में सुरक्षा बलों के जवानों के साथ मनाएंगे। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी जानकारी दी। प्रधानमंत्री मोदी…