पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने गुरुवार को निर्वाचन आयोग पर तीखा हमला करते हुए आरोप लगाया कि आयोग राज्य सरकार के अधिकारियों को धमका रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि उनकी सरकार ऐसी धमकियों को बर्दाश्त नहीं करेगी।
अगले साल बंगाल में विधानसभा चुनाव
ममता बनर्जी ने दावा किया कि यह एसआईआर जैसा दिखता है वैसा नहीं है। इसका इस्तेमाल पश्चिम बंगाल में एनआरसी (राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर) जैसी प्रक्रिया को लागू करने के लिए एक कवच के रूप में किया जा रहा है।
किसी भी वैध मतदाता का नाम सूची से नहीं हटेगा-चुनाव आयोग
ममता बनर्जी के बयान के बाद चुनाव आयोग की प्रतिक्रिया सामने आई है। चुनाव आयोग ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान किसी भी वैध मतदाता का नाम मतदाता सूची से नहीं हटाया जाएगा। इसी के साथ सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस की व्यक्त की गई आशंकाओं को भी पूरी तरह से खारिज कर दिया।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनोज कुमार अग्रवाल ने यह बयान पूर्व मेदिनीपुर जिले के कोलाघाट में मतदाता सूची पुनरीक्षण पर आयोजित एक उच्च-स्तरीय बैठक के बाद दिया। बैठक में उप चुनाव आयुक्त ज्ञानेश भारती सहित चार सदस्यीय केंद्रीय प्रतिनिधिमंडल ने SIR की तैयारियों की समीक्षा की। अग्रवाल ने कहा कि किसी भी वैध मतदाता का नाम नहीं हटाया जाएगा। कानून में जो भी कहा गया है, उसका पालन किया जाएगा।







