पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष दिन-ब-दिन और भयावह होता जा रहा है। अमेरिका और इस्राइल के भीषण हमलों से दहक रहे मोर्चे पर ईरान भी इस्राइल और खाड़ी देशों में मैजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर जोरदार पलटवार कर रहा है। मिसाइलों और ड्रोन की गरज के बीच यह संघर्ष अब अपने 23वें दिन में प्रवेश कर चुका है और पूरे क्षेत्र में तनाव चरम पर है।
ईरान के मिसाइल हमले के बाद मध्य इस्राइल में धमाके
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, ईरान द्वारा इस्राइल पर मिसाइल हमले के बाद मध्य इस्राइल में धमाके सुने गए। मीडिया ने बताया कि ये धमाके ईरान से दागी गई मिसाइलों के कुछ ही समय बाद हुए। फिलहाल, किसी के घायल होने या नुकसान की खबर नहीं है।
ईरानी सेना का दावा- तेहरान में अमेरिकी-इस्राइली ड्रोन ढेर
ईरानी सेना ने घोषणा की है कि उसने ईरान की राजधानी तेहरान के ऊपर एक अमेरिकी-इस्राइली हथियारबंद ड्रोन को हवा में ही मार गिराया, इससे पहले कि यह कोई हमला कर पाता। यह जानकारी ईरानी समाचार एजेंसी ने दी। ईरानी सेना ने बताया कि हाल की जंग के दौरान अब तक 127 उन्नत ड्रोन को उनकी वायु रक्षा प्रणाली ने निशाना बनाकर नष्ट कर दिया है। इससे पहले, आईडीएफ ने तेहरान पर नए हमलों की शुरुआत करने की घोषणा की थी। शहर के लोग इसकी ओर-पूर्व और पश्चिम दिशा में जोरदार विस्फोट की आवाज सुनने की भी पुष्टि कर रहे हैं।
इराक ने 24 घंटों में अमेरिकी ठिकानों पर 21 हमले किए
इराक की संगठन इराक में इस्लामी प्रतिरोध ने कहा है कि उसने पिछले 24 घंटे में देश और आसपास के क्षेत्रों में अमेरिकी ठिकानों पर 21 हमले किए हैं। संगठन ने बताया कि इन हमलों में उसने कई ड्रोन और रॉकेट का इस्तेमाल किया। अभी तक अमेरिकी पक्ष की तरफ से इस पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।
पश्चिमी बगदाद में तेज धमाके की आवाज
इराक की राजधानी बगदाद के पश्चिमी इलाके से जोरदार धमाकों की आवाज सुनी गई है। मीडिया रिपोर्टस के अनुसार, ये विस्फोट काफी बड़े थे और अचानक हुए। इससे कुछ ही देर पहले एक इराकी सुरक्षा अधिकारी ने बताया था कि बगदाद अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के पास मौजूद एक अमेरिकी लॉजिस्टिक कैंप के नजदीक एयर डिफेंस सिस्टम ने दो ड्रोन को हवा में ही रोककर मार गिराया। फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि इन धमाकों और ड्रोन के बीच कोई सीधा संबंध है या नहीं। सुरक्षा एजेंसियां मामले की जांच कर रही हैं। जैसे-जैसे और जानकारी सामने आएगी, अपडेट दी जाएगी।
सऊदी अरब ने पांच और ड्रोन नष्ट किए
सऊदी अरब के रक्षा मंत्रालय ने जानकारी दी है कि देश के पूर्वी इलाके (ईस्टर्न प्रोविंस) में पिछले एक घंटे के भीतर पांच ड्रोन को हवा में ही रोककर नष्ट कर दिया गया। मंत्रालय के अनुसार, ये ड्रोन संदिग्ध थे और सुरक्षा के लिए खतरा बन सकते थे, इसलिए उन्हें तुरंत कार्रवाई करते हुए मार गिराया गया। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा और सतर्कता बढ़ा दी गई है।
हालांकि, अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि ये ड्रोन कहां से आए थे और इनके पीछे किसका हाथ है। मामले की जांच जारी है। सरकार ने लोगों को भरोसा दिलाया है कि देश की सुरक्षा पूरी तरह मजबूत है और किसी भी खतरे से निपटने के लिए सेना तैयार है।







