उत्तराखंड-: 35 किलो के हाथी दांत गायब होने के मामले में बड़ी कार्रवाई, रेंजर और डिप्टी रेंजर निलंबित

लैंसडौन वन प्रभाग की लालढांग रेंज के स्टोर से 35.045 किलोग्राम हाथी दांत गायब होने के मामले में वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वन बल प्रमुख कपिल लाल ने लालढांग के रेंज अधिकारी अनुराग जोशी और तत्कालीन मालखाना प्रभारी डिप्टी रेंजर भगवत प्रसाद भदूला को निलंबित कर दिया है। निलंबन के आदेश लैंसडौन वन प्रभाग को मिलचुके हैं।

इस मामले में डीएफओ हरिद्वार स्वप्निल अनिरुद्ध की अध्यक्षता में चार सदस्यीय समिति गठित की गई थी। समिति ने छह नवंबर को अपनी जांच रिपोर्ट वन संरक्षक को सौंपी थी। जांच रिपोर्ट और संबंधित अधिकारियों के बयानों के आधार पर पीसीसीएफ/हॉफ ने यह कदम उठाया। इस मामले में लालढांग रेंज के वर्तमान मालखाना प्रभारी वन दरोगा वीरेंद्र सिंह को पहले ही निलंबित किया जा चुका है।

कंप्यूटर ऑपरेटर को भी नोटिस जारी

विभागीय जांच समिति ने रेंज में उपनल के माध्यम से तैनात कंप्यूटर ऑपरेटर हेमंत कुमार की भूमिका को संदिग्ध माना है। इसके आधार पर डीएफओ तरुण एस. की ओर से उन्हें नोटिस जारी किया गया है। हालांकि, जांच समिति ने उपनल कर्मी पर कार्रवाई के बारे में स्पष्ट निर्देश नहीं दिए हैं।

मुख्य आरोपी के साथी की तलाश, गैंडीखाता समेत कई जगह दबिश

लैंसडौन वन प्रभाग की लालढांग रेंज के भंडार से 35.045 किलोग्राम के पांच हाथी दांत चोरी होने के मामले में पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम अब गिरफ्तार आरोपी के साथी की तलाश में जुटी है। पुलिस ने गैंडीखाता समेत कई स्थानों पर दबिश दी है, लेकिन आरोपी हाथ नहीं लगा है। पुलिस के अनुसार, फरार साथी की गिरफ्तारी और उससे पूछताछ के बाद ही चोरी हुए हाथी दांत के बारे में पूरी जानकारी मिल सकेगी। मामले में पुलिस ने दो दिन पहले वन गुर्जर गुलाम मुस्तफा उर्फ नानू को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में नानू ने अपने एक अन्य साथी की भूमिका अहम बताई है। दूसरा आरोपी गैंडीखाता का निवासी है और गिरफ्तारी के डर से फरार है। पुलिस को आशंका है कि चोरी किए गए हाथी दांत उसी के पास हैं या उसने उन्हें किसी अन्य व्यक्ति को बेच दिया है। कोटद्वार पुलिस सर्विलांस समेत अन्य माध्यमों से उसकी तलाश कर रही है।

और पढ़े  कर्नाटक पहुंचे PM मोदी: सीएम शिवकुमार ने किया स्वागत, प्रशांति कुटीराम के स्वर्ण जयंती समारोह में लिया भाग

यमकेश्वर से कोटद्वार स्थानांतरित हुआ था मुकदमा

लैंसडौन वन प्रभाग के उप प्रभागीय वनाधिकारी सुधीर कुमार की तहरीर पर एक नवंबर 2026 को थाना यमकेश्वर में मुकदमा दर्ज किया गया था। जांच में घटनास्थल कोटद्वार कोतवाली क्षेत्र में होने की पुष्टि के बाद मुकदमे को अग्रिम कार्रवाई के लिए कोतवाली कोटद्वार स्थानांतरित कर दिया गया। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ चोरी, आपराधिक प्रवेश और वन्यजीव संरक्षण एवं वन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

  • Related Posts

    क्या AI की वजह से अमेरिका में 15 हजार उड़ानें प्रभावित?: जांच में सामने आई यह बड़ी वजह, जानें…

    टेक्नोलॉजी और एविएशन सेक्टर से एक बहुत बड़ी और चौंकाने वाली खबर सामने आई है। अमेरिका में टेलीकम्युनिकेशन मं अचानक आई एक गंभीर तकनीकी खराबी की वजह से फेडरल एविएशन…

    CM विजय की सुरक्षा में बड़ी चूक: पुलिस का घेरा तोड़कर मुख्यमंत्री तक पहुंचा शख्स, सुरक्षाकर्मियों ने पकड़ा

    तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय की सुरक्षा में शुक्रवार को उस समय बड़ी चूक सामने आई, जब चेन्नई के कोलाथुर इलाके में उनके अचानक किए गए रोड वॉक के…