गुजरात के अहमदाबाद में रविवार दोपहर एक पुराना दो मंजिला मकान अचानक भरभराकर गिर गया। हादसा शहर के खाड़िया इलाके की एक संकरी गली में हुआ। मकान गिरने के बाद चार लोग मलबे के नीचे दब गए। घटना की जानकारी मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव अभियान शुरू किया।
मलबे से निकाली गई 45 वर्षीय सोनल राणा को एलजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सोनल इसी मकान की पहली मंजिल पर रहती थीं। अस्पताल के रेजिडेंट मेडिकल ऑफिसर आलाप शाह ने उनकी मौत की जानकारी दी। हादसे में तीन अन्य लोग घायल हुए हैं। इनकी पहचान 27 वर्षीय जानवी राणा, 23 वर्षीय पार्थ राणा और 42 वर्षीय आशाबेन के रूप में हुई है। तीनों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
फिलहाल मकान गिरने की असली वजह सामने नहीं आई है। अधिकारियों ने घटना की जांच शुरू कर दी है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि पुराना मकान अचानक क्यों ढहा। जांच के बाद ही हादसे की सही वजह स्पष्ट हो सकेगी।






