पश्चिम बंगाल: कोलकाता में मूसलाधार बारिश से सड़कों पर भरा 3 फीट तक पानी, तीन की मौत, दो दिन के लिए अलर्ट जारी

 

पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता और इसके आसपास के क्षेत्रों में सोमवार देर रात से जारी मूसलाधार बारिश की वजह से मंगलवार को आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा है। कई इलाकों में घुटनों तक पानी भर गया, जिससे यातायात पूरी तरह से ठप हो गया। दूसरी तरफ अधिकारियों ने बताया कि वर्षा जनित घटनाओं के चलते तीन लोगों की मौत हो गई। यह तीनों ही लोग वर्षा के दौरान करंट की चपेट में आ गए।

कोलकाता पुलिस ने बताया कि इनमें से एक व्यक्ति सुबह सवा पांच बजे अपने घर से निकला था। हुसैन शाह रोड पर वह करंट की चपेट में आ गया। उसे एसएसकेएम अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बारिश की वजह से कई सड़कें पानी से लबालब भर गईं। घरों और आवासीय परिसरों में भी पानी घुस गया। नगर निगम के आंकड़ों के मुताबिक, सबसे ज्यादा बारिश दक्षिण कोलकाता के गरिया कमदहारी इलाके में हुई, जहां कुछ ही घंटों में 332 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके बाद जोधपुर पार्क में 285 मिमी, कालीघाट में 280 मिमी, टॉपसिया में 275 मिमी और बालीगंज में 264 मिमी वर्षा दर्ज की गई। उत्तरी कोलकाता के थांटनिया इलाके में भी 195 मिमी बारिश हुई।
बताया गया है कि भारी बारिश के चलते कई जगहों पर तीन फीट तक पानी भर गया। इसके चलते रेलवे पटरियां डूबी रहीं और ट्रेन सेवाएं बाधित रहीं। इसके अलावा मेट्रो संचालन में भी दिक्कतें आई हैं।

और पढ़े  मणिपुर हिंसा: 24 घंटे में 28 घर जलाए, नागा और कुकी बस्तियों पर हमला, जंगलों में भागे लोग, क्या है पूरा मामला?

क्या है भारी बारिश की वजह?
भारत के मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बताया कि बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पूर्व हिस्से में बना कम दबाव का क्षेत्र उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ रहा है, जिसके चलते दक्षिण बंगाल के कई जिलों में भारी से अति भारी वर्षा की संभावना है। आईएमडी ने चेतावनी दी है कि पूर्व व पश्चिम मेदिनीपुर, दक्षिण 24 परगना, झाड़ग्राम और बांकुरा जिलों में बुधवार तक भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा, 25 सितंबर के आसपास खाड़ी में एक और नया कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना जताई गई है, जिससे बारिश का सिलसिला और बढ़ सकता है।

  • Related Posts

    जियो आईपीओ का आज तीसरा दिन- देश के सबसे बड़े पब्लिक ऑफर को तीसरे दिन कितना सब्सक्रिप्शन? जानिए रिटेल निवेशक कितने आए

    रिलायंस इंडस्ट्रीज की डिजिटल और दूरसंचार इकाई जियो प्लेटफॉर्म्स का ₹30,213 करोड़ के आईपीओ के लिए पहले और दूसरे दिन के बाद तीसरे दिन भी निवेशकों का उत्साह जारी है।…

    यूएन: ‘जो अपने अल्पसंख्यकों को सुरक्षा नहीं दे सकता, वो भारत को लेक्चर न दे।’ भारत ने पाकिस्तान को लताड़ा

    धार्मिक अल्पसंख्यकों संग बर्ताव को लेकर भारत ने संयुक्त राष्ट्र में पाकिस्तान की तीखी आलोचना की। भारत ने आरोप लगाए कि पाकिस्तान अपने देश के कमजोर समुदायों की रक्षा करने…