26 साल बाद दर्द ताजा:- साल 2000 में शादी से लौट रहा पूरा परिवार कार समेत भाखड़ा में गिरा था, अब निकाली गई गाड़ी

रोपड़ में भाखड़ा नहर से करीब 26 साल बाद एक मारुति ओमनी वैन बरामद की गई है। यह वही वैन है जो वर्ष 2000 में कीरतपुर साहिब क्षेत्र के गांव कोटला के एक परिवार के चार सदस्यों समेत नहर में समा गई थी। हादसे के बाद महीनों तक तलाश चली थी, लेकिन न तो शव मिले थे और न ही वाहन का कोई पता चल पाया था।

जानकारी के अनुसार, अक्तूबर 2000 में गांव कोटला निवासी एक परिवार शादी समारोह से लौट रहा था। वैन में तीन वयस्क और एक आठ वर्षीय बच्चा सवार था। इसी दौरान वाहन अनियंत्रित होकर भाखड़ा नहर में गिर गया। गोताखोरों और स्थानीय लोगों ने करीब एक महीने तक तलाश अभियान चलाया लेकिन कोई सफलता नहीं मिली।

हाल ही में इलाके के समाजसेवी और गोताखोर कमलप्रीत सैनी एक अन्य व्यक्ति के शव की तलाश में भाखड़ा नहर में उतरे थे। इसी दौरान उन्हें नहर की गहराई में एक वाहन दिखाई दिया। उन्होंने वाहन को रस्सियों से बांध दिया और बाद में स्थानीय लोगों तथा ट्रैक्टर की मदद से उसे बाहर निकाला गया।

वैन की छत हो चुकी थी क्षतिग्रस्त
कमलप्रीत सैनी ने बताया कि वैन का पिछला हिस्सा और छत जंग लगने के कारण पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुके हैं जबकि अगला हिस्सा कुछ हद तक सुरक्षित मिला। उन्होंने दावा किया कि वाहन के अगले हिस्से से मानव कंकाल के कुछ अवशेष और एक कमीज भी मिली है जो संभवतः मृत बच्चे की हो सकती है।

बरामद वस्तुएं परिवार को सौंप दी गई हैं। सैनी ने बताया कि नहर के तल में तेज पानी का बहाव होने के कारण वाहन को बाहर निकालना बेहद मुश्किल था। उन्होंने बाद में मृतकों के परिजनों से संपर्क किया, जिनके आग्रह पर वैन को बाहर निकालने का अभियान चलाया गया। 26 साल बाद वैन के बाहर आने से गांव में पुराने हादसे की यादें फिर ताजा हो गई हैं।

और पढ़े  एलपीयू में बवाल: छात्रा से दुष्कर्म की सूचना पर भड़के छात्रों ने की तोड़फोड़-आगजनी, अमृतसर-दिल्ली हाईवे जाम
  • Related Posts

    HC पहुंचा एलपीयू हिंसा मामला: छात्र ने जनहित याचिका में की सीबीआई जांच की मांग, 30 सितंबर को सुनवाई

    फगवाड़ा स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी में हुई हिंसा का मामला पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट पहुंच गया है। विश्वविद्यालय परिसर में 27 सितंबर को हुई हिंसक घटना की केंद्रीय जांच…

    हरियाणा: हर 43 मिनट में हृदय रोग से 1 मौत, सात साल में 85,539 जानें गईं, 2021-22 में सबसे ज्यादा ने तोड़ा दम

    हरियाणा में हृदय रोग से होने वाली मौतों का आंकड़ा चिंता बढ़ाने वाला है। पिछले सात साल में प्रदेश में 85,539 लोगों की हृदय संबंधी बीमारियों से मौत हुई। हालात…