बड़ी आतंकी वारदात को अंजाम देने के लिए एकत्रित 2,900 किलोग्राम विस्फोटक जब्त करने के साथ जम्मू-कश्मीर पुलिस ने तीन डॉक्टरों समेत आठ संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। हरियाणा व उत्तर प्रदेश पुलिस के साथ केंद्रीय एजेंसियों के साझा अभियान में जैश-ए-मोहम्मद और अंसार गजवत-उल-हिंद से जुड़े इस व्हाइट कॉलर आतंकी मॉड्यूल का खुलासा हुआ। इसका जाल कश्मीर, हरियाणा और उत्तर प्रदेश तक फैला था। वहीं, पकड़े गए संदिग्ध आतंकी डॉ. मुज्जमिल अहमद गनेई उर्फ मुसैब ने पूछताछ में जो बताया वह होश उड़ा देने वाला है।
कश्मीर निवासी डॉ. मुजम्मिल अहमद गनई उर्फ मुसैब काे फरीदाबाद और डॉ. शाहीन काे सोमवार को लखनऊ से गिरफ्तार किया गया। मुजम्मिल की प्रेमिका शाहीन की कार से एके-47 राइफल मिली थी। दोनों को पूछताछ के लिए श्रीनगर ले जाया गया। जब्त 2,900 किलो विस्फोटक में अमोनियम नाइट्रेट, पोटेशियम नाइट्रेट और सल्फर शामिल है। इससे पहले, अनंतनाग निवासी डॉ. आदिल अहमद को 7 नवंबर को सहारनपुर से गिरफ्तार किया गया था। वह अनंतनाग के सरकारी मेडिकल कॉलेज में कार्यरत था। 2024 में ही इस्तीफा देकर सहारनपुर आया था।









