मोकामा के बाहुबली और जदयू विधायक अनंत सिंह चार महीने बाद सोमवार शाम को बेऊर जेल से बाहर निकल गए। बेऊर जेल के बाहर उनके समर्थकों ने जमकर नारेबाजी की। कहा कि “जेल का ताले टूट गए, छोटे सरकार छूट गए”। समर्थकों ने पटाखे भी फोड़े। अनंत सिंह अपनी लैंड क्रूजर गाड़ी में सवार होकर अपने आवास के लिए निकल गए। यहां पर उनके स्वागत में सैकड़ों समर्थक जमा हुए हैं। बता दें कि विधानसभा चुनाव के वक्त दुलारचंद यादव की हत्या के मामले में पटना के बेऊर जेल में बंद थे। हालांकि उन्हें पटना हाईकोर्ट ने इस मामले में जमानत दे दी।
50 किलोमीटर का होगा रोड़ शो
निर्धारित कार्यकक्रम के अनुसार बेऊर जेल से निकलने के बाद बाहुबली अनंत सिंह कल यानी 24 मार्च को पटना स्थित अपने आवास से मोकामा के लिए रवाना होंगे। फिर बाढ़ विधान सभा क्षेत्र के सबनीमाँ से लेकर मोकामा विधान सभा के बाहापर तक भव्य और विशाल रोडशो करेंगे। यह रोड़ शो लगभग 50 किलोमीटर की होगी। इस बीच चर्चा यह भी है कि वह लखीसराय जिले के बड़हिया स्थित महारानी स्थान मंदिर में भी पूजा-अर्चना करेंगे। रोडशो के दौरान कई जगहों पर उनके समर्थक उनका स्वागत करेंगे।
इस गांव से रहेगा परहेज
बताया जाता है कि बाढ़ विधान सभा क्षेत्र के सबनीमाँ से लेकर मोकामा विधान सभा के बाहापर के बीच मोकामा विधान सभा के दो गांवों में नाम मात्र का ठहराव होगा। यह मेकरा और लेमुआबाद गांव है, जहां उनके समर्थकों की भीड़ कम रहने का अनुमान है। बताया जाता है कि यह यादव बहुल क्षेत्र है, जहां लल्लू मुखिया के समर्थक हैं। फिलहाल लल्लू मुखिया हत्या के एक मामले में भागलपुर के जेल में बंद हैं। बताया जाता है कि लल्लू मुखिया कभी बाहुबली अनंत सिंह के करीबी हुआ करते थे, लेकिन लोकसभा चुनाव के बाद से ही कुछ बात को लेकर दोनों अलग-अलग हो गए।
बन रहा तीन लाख रसगुल्ला
बाहुबली अनत सिंह के रोडशो के बाद रामपुर डुमरा में भव्य भोज का आयोजन किया गया है। चर्चा है कि लगभग तीन लाख रसगुल्ला बनवाया जा रहा है। इस महाभोज में लगभग दस हजार लोग शामिल होने की चर्चा की जा रही है। हर जगह फूल माला के साथ समर्थकों ने ढ़ोल बाजे का भी प्रबंध किया है। पूरा गांव फिलहाल जश्न की तैयारी में डूबा हुआ है।







