रामलीला मैदान से राहुल गांधी बोले- ज्ञानेश कुमार सीईसी पद से हटेगा, हम संविधान को नष्ट नहीं होने देंगे

रामलीला मैदान में आज विपक्षी खेमे के अधिकांश राजनीतिक दल जुटे हैं। मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग कर रहे विपक्षी दलों में कांग्रेस, ममता बनर्जी की अगुवाई वाली तृणमूल कांग्रेस समेत कई पार्टियों ने राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आहूत इस रैली और विरोध प्रदर्शन का समर्थन किया है।

 

राहुल बोले- तीनों ने देश की आत्मा पर आक्रमण किया

राहुल गांधी ने कहा ‘न हम मोदी से नफरत करते हैं, न ही अमित शाह से नफरत करते हैं, न ज्ञानेश कुमार से। मगर आप तीनों ने देश की आत्मा पर आक्रमण किया है। आपने देश के संविधान और लोकतंत्र पर हमला किया है। मेरे लिए कोई दुश्मन नहीं है। न मोदी, न अमित शाह, न ज्ञानेश कुमार। मगर हमारे लिए सबसे जरूरी चीज, धर्म से भी जरूरी चीज है- हिंदुस्तान के नागरिक की आवाज। अगर आप मुझसे मेरा धर्म पूछें तो मैं कहूंगा कि हिंदुस्तान के लोगों की आवाज सुनी जानी चाहिए। यही मेरा धर्म है। हम नरेंद्र मोदी, अमित शाह, ज्ञानेश कुमार के खिलाफ हिंसा नहीं करेंगे। उन्हें मारेंगे या काटेंगे नहीं।’

राहुल ने कहा कि गांधीजी ने कहा था कि पंक्ति में खड़े आखिरी व्यक्ति की आवाज सबसे अहम है। चाहे वह हिंदू हो, मुस्लिम हो, दलित हो, महिला हो, विकलांग हो, जो भी हो, हमें सबकी आवाज की रक्षा करनी है। मोदी जी ने और शाह ने देश में नफरत फैला दी है और इससे देश को नुकसान हो रहा है। यह भीड़ चिल्ला रही है, हमें मोहब्बत चाहिए, भाईचारा चाहिए। हम यही कर के दिखाएंगे। यह प्रदर्शन किसी एक पार्टी का या एक नेता का नहीं है। इसमें सब शामिल हैं। यह हिंदुस्तान की आवाज है। यह हिंदुस्तान के लोकतंत्र को बचाने की आवाज है, संविधान को बचाने की आवाज है।

2-3 लोगों का देश नहीं चाहिए हमें: राहुल गांधी

राहुल गांधी ने कहा कि 2-3 लोगों का देश नहीं चाहिए हमें। अदाणी जी जो भी करना चाहें, जो भी संस्था लेना चाहें, शिक्षा-स्वास्थ्य को कैप्चर करना चाहें। हर एयरपोर्ट, रेलवे, इन्फ्रास्ट्रक्चर छीन लें। ड्रोन उड़ रहा है यह भी अदाणी का, हथियार भी अदाणी का, ऐसा देश हमें नहीं चाहिए। हम यह होने नहीं देंगे। देश को सही पटरी पर लाने का तरीका इस ज्ञानेश कुमार को हटाना है। अमित शाह जी ने कहा कि नरेंद्र मोदी कहीं नहीं जा रहे। मैं आपको उल्टा बता रहा हूं। नरेंद्र मोदी कहीं नहीं जा सकते, अगर जाना भी चाहें तो हम उन्हें नहीं जाने देंगे। नरेंद्र मोदी और अमित शाह, ज्ञानेश कुमार के बाद हम आपके सामने खड़े होने जा रहे हैं। नरेंद्र मोदी के खिलाफ अमित शाह के खिलाफ कानूनी कार्रवाई होगी। आपने जो वोट चोरी की है, अदाणी को जो देश बेचा है, उसके लिए देश आपसे न्याय मांगेगा। आप भागने की मत सोचो। आप भाग नहीं सकते। आप यहीं के यहीं रहोगे। आपके खिलाफ जो यह आवाज है, आपके खिलाफ, अमित शाह के खिलाफ, ज्ञानेश कुमार के खिलाफ। आपके खिलाफ कार्रवाई होगी, होगी और होगी।

और पढ़े  2 दिन, दो राज्य और कई कार्यक्रम: महाराष्ट्र से हरियाणा तक राष्ट्रपति मुर्मू का दौरा, जानें शेड्यूल

राहुल बोले- ज्ञानेश कुमार सीईसी पद से हटेगा

राहुल ने कहा कि मैं स्टेज से कहना चाहता हूं। मैं जो कहता हूं वो होता है न। मैंने कोविड-19 के बारे में बोला, सच हुआ। मैं आपको स्टेज से कह रहा हूं कि ज्ञानेश कुमार सीईसी पद से हटेगा। ज्ञानेश कुमार हिंदुस्तान में जेल जाएगा। और अगर यह आम चोरी नहीं है कि किसी ने दुकान से थोड़ी सी छोटी चोरी कर ली। उसके लिए जेल होती है। इन्होंने नॉर्मल चोरी नहीं की है। यह हिंदुस्तान के हर नागरिक के आवाज की चोरी है। इसको कानूनी गलियारों में रेयरेस्ट ऑफ रेयर केस कहते हैं। इसे देशद्रोही कहते हैं, इसे ट्रीजन कहते हैं और ज्ञानेश कुमार के बिना न नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री बनता, न अमित शाह गृह मंत्री बनता। आरएसएस इस देश की सारी संस्थाओं को कैप्चर कर लिया है। शिक्षा, स्वास्थ्य, सीबीआई, ईडी, न्यायपालिका, नौकरशाही, पुलिस सारी की सारी संस्थाएं, जो आपकी हैं, वह नरेंद्र मोदी, अमित शाह, आरएसएस की नहीं, युवाओं की संस्थाएं हैं। वह इन्होंने कैप्चर कर रखी हैं।

नतीजा यह है कि किसानों को अधिकार नहीं मिल रहा, युवाओं को हक नहीं मिल रहा, मजदूरों को हक नहीं मिल रहा। नतीजा पूरा का पूरा धन कुछ लोगों के हाथ में चला गया है- अंबानी, अदाणी। उनका हजारों करोड़ का कर्जा माफ हो जाता है। मगर छोटे किसान, मजदूर का बेटा पैसे नहीं लौटा पाता तो उसे जूते मारकर जेल में डाल देते हैं। ऐसा हिंदुस्तान हमें नहीं चाहिए और यह हम स्वीकार नहीं करेंगे। शिव की बारात का नाम सुना है। उसमें कोई भी जा सकता है। उस तांडव में कोई भी जा सकता है। उसमें कभी नहीं कहा जाता कि कोई रोका जाए। हमें वैसा ही हिंदुस्तान चाहिए।

और पढ़े  कल से दिल्ली में किन-किन वाहनों को मिलेगी एंट्री, किसे रोका जाएगा?: आपकी गाड़ी मानक में है या नहीं, ऐसे करें चेक

राहुल बोले- संविधान को नष्ट नहीं होने देंगे

राहुल ने रैली को संबोधित करते हुए कहा कि अमित शाह, ज्ञानेश कुमार को आपने मैसेज भेजना था, मैसेज भेज दिया है। यह किसी एक राजनीतिक दल की आवाज नहीं है। यह सिर्फ नेताओं की आवाज नहीं है। यह हिंदुस्तान के युवाओं की आवाज है। किसानों, मजदूरों की आवाज है और यह आवाज कह रही है कि हम लोकतंत्र को हिंदुस्तान में खत्म नहीं होने देंगे। हम संविधान को नष्ट होने नहीं देंगे। आप अपने आप को जितना बड़ा समझो, जितना आपके पास पैसा है, पावर है, आप जो भी हों, आप संविधान से बड़े नहीं हैं, संविधान आपसे बड़ा है।

राहुल ने आगे कहा कि वर्षों से इस देश में वोट चोरी हो रही है। ममता जी ने बंगाल को उदाहरण दिया। मध्य प्रदेश, हरियाणा, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, कर्नाटक और 2024 की लोकसभा, सारे चुनाव में वोट चोरी हुई है, ईवीएम के साथ वोट चोरी हुई है। वोटर लिस्ट से नाम काटकर वोट चोरी हुई है। 2024 के चुनाव के बाद 13.5 करोड़ वोटर्स वोटर लिस्ट से हटाए गए। मतलब इतने वोटर्स को हटाया गया। हर सात में से एक वोटर को निकाला गया। 15 फीसदी हिंदुस्तान के वोटर्स को वोटर लिस्ट से हटाया गया, वह भी 2024 के बाद। 2024 में एनडीए और हमारे बीच में तीन फीसदी का फर्क था। उसके बाद 15 फीसदी वोटर्स को वोटिंग लिस्ट से निकाला गया। मतलब 2024 का चुनाव अवैध चुनाव था। चोरी का चुनाव था और यह बात मैं नहीं चुनाव आयोग खुद कह रहा है। क्योंकि उन्होंने 13.5 करोड़ वोटर्स 2024 की लिस्ट से निकाले।

ममता बनर्जी बोलीं- ईवीएम लूटा, लोकतंत्र लूटा, संविधान लूटा

रामलीला मैदान से टीएमसी सुप्रीमो ममता बनर्जी ने कहा कि हम लोकतंत्र को बचाएंगे। हम छोड़ेंगे नहीं, लड़ेंगे। इस दौरान उन्होंने कहा कि हम हारे नहीं, हराए गए हैं, बंगाल एसआईआर का पीड़ित है। ज्ञानेश कुमार ने मतगणना को हाईजैक किया। अपने संबोधन में ममता बनर्जी ने कहा कि- एसआईआर भाजपा की मदद के लिए बनाई गई है। ज्ञानेश कुमार को हटाना होगा। ममता बनर्जी ने आगे कहा कि इन्होंने राम मंदिर का रुपया भी लूटा है।

और पढ़े  केंद्रीय कैबिनेट का बड़ा फैसला: 40 हजार करोड़ के प्रोजेक्ट को मंजूरी, नौसेना को मिलेंगे 8 नए युद्धपोत

अखिलेश यादव बोले- यूपी में हिंदुओं के 1.27 करोड़ वोट काटे गए

समाजवादी पार्टी के सांसद और अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा, ”जबसे यह तय हुआ है कि रामलीला मैदान में इंडिया गठबंधन एकजुट होकर उन तमाम लोगों को जिन लोगों ने लोकतंत्र को कमजोर करने का काम किया है, उनके खिलाफ एकजुट हो रहे हैं। तबसे सामने आ रहा है कि जनता हमारे साथ जुटना चाहती है। अगर मैं यह कहूं कि एक करोड़ 27 लाख वोट कटे हैं, उसका गणित हम लगा दें 403 विधानसभाओं का तो हर विधानसभा में वोट कम हुए हैं।  जो लोग तय कर के आए हैं कि अंगद का पैर है, वे जानते हैं कि जमीन ही नहीं बची है तो पैर कहां रखोगे। जो लोग दावा करते थे कि डबल इंजन की सरकार है, उन्हें काशी की जनता ने जवाब दिया है। वे एक बार एक हार से संतुष्ट नहीं थे।”

उन्होंने कहा, ”दो रात तीन दिन काउंटिंग की, वे अब भी चंडीगढ़ चाल चलना चाहते थे, लेकिन कामयाब नहीं हुए हैं। डबल इंजन वालों को डबल हार और डबल जीरो मिलने का काम हुआ है। वह क्षेत्र कौन सा है। जो लोग काशी का नाम जानते हैं वो यह भी जानते हैं कि वह क्षेत्र क्योटो है। हम जानते हैं कि भाजपा लगातार साजिश कर रही है। वे जानते हैं कि जनता के बीच जीत नहीं सकते हैं। वे चुनाव आयोग का रास्ता अपना रहे हैं। बंगाल का चुनाव उन्होंने लूटा है। बंगाल चुनाव की तस्वीरें कोई नहीं भूल सकता कि वहां लाखों की फौज लगाकर और चुनाव से पहले एसआईआर कराकर लाखों वोट कटवा दिए गए। मुझे याद है कि 2022 में जब चुनाव हुआ था, तब हम सरकार नहीं बना पाए। उसका कारण वोट चोरी ही था। वोटरों को उन्होंने वोटर लिस्ट से हटा दिया। उन्होंने हजारों वोट समाजवादी पार्टी के हटाए थे। उन्होंने मुझे नोटिस दिया था और पूछा था कि किस आधार पर आप कह रहे हैं कि हमने वोट काट दिए हैं। तब सपा कार्यकर्ताओं ने एक-एक बूथ पर काटे गए वोटों की जानकारी निकाली थी। हमने इसकी जानकारी चुनाव आयोग को शपथ पत्र में दिया। लेकिन किसी पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। पता नहीं चुनाव आयोग कौन सी नींद की गोली लेकर सो रहा है।”

  • Related Posts

    विपक्ष के मार्च पर BJP का पलटवार, कहा- इंडिया ब्लॉक की महारैली फ्लॉप रही,40% जगह खाली थी

    दिल्ली के रामलीला मैदान में इंडिया गठबंधन की रैली को लेकर भाजपा सांसद संबित पात्रा ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने रैली में भीड़ जुटाने…

    रामलीला मैदान: राहुल बोले- ज्ञानेश कुमार को भेजेंगे जेल, खरगे ने कहा- मोदी को हटाएंगे, अखिलेश का शाह पर तंज

    दिल्ली के रामलीला मैदान में इंडिया गठबंधन की रैली के दौरान विपक्षी नेताओं ने केंद्र सरकार और चुनाव प्रक्रिया को लेकर सवाल उठाए। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र…