अल्मोड़ा जिले के क्वारब बाईपास पर वाहन चालक जिला प्रशासन के आदेश का उल्लंघन कर यात्रियों की जिंदगी दांव पर लगा रहे हैं। जिला प्रशासन ने यात्रियों की सुरक्षा के लिए क्वारब बाईपास मार्ग पर अग्रिम आदेशों तक बसों और भारी वाहनों की एंट्री पर पूरी तरह बैन लगाया था लेकिन शुक्रवार को सरकारी आदेशों की धज्जियां उड़ाते हुए नो-एंट्री के बावजूद भारी गाड़ियां धड़ल्ले से दौड़ती नजर आईं।
बड़ा हादसा हुआ तो कौन लेगा जिम्मेदारी
जिला प्रशासन ने कहा था कि क्वारब बाईपास मार्ग की स्थिति की नियमित रूप से समीक्षा की जाएगी। जब मार्ग की स्थिति सुरक्षा की दृष्टि से पूरी तरह अनुकूल और सुरक्षित पाई जाएगी उसके बाद ही बसों और बड़े वाहनों के संचालन को दोबारा शुरू करने के संबंध में अग्रिम निर्णय लिया जाएगा। इसके बावजूद यात्रियों की जान को जोखिम में डालकर वाहनों को बाईपास से ही संचालित किया गया। सबसे बड़ा सवाल यह है कि यदि आवाजाही के दौरान कोई बड़ा हादसा हो गया तो उसका जिम्मेदार कौन रहेगा।
आदेशों के उल्लंघन पर पुलिस को निर्देशित किया जाएगा। आदेश का हर हाल में पालन कराया जाएगा। नियमों के उल्लंघन पर बख्शा नहीं जाएगा। -रामजी शरण शर्मा, प्रभारी डीएम और सीडीओ अल्मोड़ा




