नैनीताल की मॉलरोड पर बृहस्पतिवार देर शाम नाव चालकों और पर्यटकों के बीच विवाद के बाद मारपीट का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया। जानकारी अनुसार, मॉलरोड क्षेत्र में पैसों के लेन-देन को लेकर नाव चालकों और पर्यटकों के बीच कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। आरोप है कि नाव चालकों ने पर्यटकों को मॉलरोड पर दौड़ा-दौड़ा कर पीटा, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना के दौरान स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर किसी तरह मामला शांत कराया। मामले की सूचना पर पुलिस हरकत में आई और दोनों पक्षों को पूछताछ के लिए थाने बुलाया गया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे पर्यटन नगरी की छवि पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। एएसआई सुनील कुमार ने बताया कि पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है और पूछताछ के बाद वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।







