शराबबंदी वाले राज्य’ नगालैंड के तुएनसांग में मिलावटी शराब के सेवन से 10 लोगों की मौत के बाद राज्य सरकार के आबकारी एवं निषेध विभाग ने अज्ञात या संदिग्ध स्रोत की शराब के सेवन के खिलाफ राज्यव्यापी चेतावनी जारी की है। तुएनसांग पुलिस के मुताबिक मौत 10 से 12 सितंबर के बीच हुई है। मरने वाले लोगों में से नौ लोगों का शराब के सेवन से प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष संबंध था। पुलिस के मुताबिक मौत के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल, मौत की निर्णायक वजह सामने नहीं आई है।
पुलिस ने बताया कि तुएनसांग सिविल अस्पताल में भर्ती लोगों की लगातार हो रही मौतों की जानकारी मिलने के बाद जांच की गई। प्रारंभिक पूछताछ में पता चला कि अधिकतर मामलों में मृतकों ने धुंधली दृष्टि, गंभीर सिरदर्द, चक्कर आना, मिचली और उल्टी जैसी शिकायतें कीं। इन लोगों ने बताया कि तबीयत खराब होने से पहले इन्होंने शराब का सेवन किया था। ऐसे में मिलावटी शराब का सेवन मौतों का संभावित कारण माना जा रहा है, लेकिन डॉक्टरों ने इसकी पुष्टि नहीं की है। पुलिस के मुताबिक मौत की वजह का पता लगाने के लिए वैज्ञानिक प्रक्रिया अपनाई जा रही है। फोरेंसिक टीम जांच कर रही है।
नगालैंड पुलिस के मुताबिक, अधिकतर मामलों में पोस्टमार्टम नहीं कराया जा सका क्योंकि पुलिस की जांच और मौतों के पैटर्न की पड़ताल से पहले ही शवों को अंतिम संस्कार के लिए ले जाया जा चुका था। तुएनसांग में तीन दिन में 10 मौतों की वजह और शराब सेवन के बाद पैदा हुई परिस्थितियों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। जिस शराब का सेवन किया गया उसके स्रोत और प्रकृति की पहचान के लिए गहन जांच की जा रही है। यह भी पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि क्या कोई व्यक्ति विशेष इस घटना का जिम्मेदार है? मरने वालों में से तीन एक ही परिवार के सदस्य थे, जिनके घर से कुछ मृतकों ने कथित तौर पर शराब खरीदी थी।





