लड़कियों पर की गई अपनी अपमानजनक टिप्पणी पर अभिनेता मुकेश खन्ना अब फंसते नजर आ रहे हैं। उनके इस बयान पर दिल्ली महिला आयोग (डीसीडब्ल्यू) ने सख्त रवैया अपनाया है। दिल्ली महिला आयोग ने एक्टर के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने को कहा है। इसके लिए दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने बाकायदा दिल्ली पुलिस साइबर सेल को नोटिस जारी किया है और एक्टर के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। डीसीडब्ल्यू ने अभिनेता के खिलाफ महिलाओं पर कथित तौर पर की गई अपमानजनकर और गलत टिप्पणी को लेकर यह मांग की है।
दरअसल, अभिनेता मुकेश खन्ना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है। इसमें वह कहते नजर आ रहे हैं, ‘जो लड़की किसी लड़के को सेक्स के लिए कह रही है, वो धंधा करती है। ऐसी चीजों में लोगों को नहीं पड़ना चाहिए’। मुकेश खन्ना कहते नजर आ रहे हैं, ‘अगर कोई लड़की ऐसा कहती है तो इसका सीधा मतलब है कि वह लड़की सभ्य समाज की नहीं है, क्योंकि सभ्य समाज की लड़की ऐसा नहीं कहेगी।’ उनकी इस टिप्पणी पर यूजर्स उन्हें खूब खरी-खोटी सुना रहे हैं।
दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने खुद भी एक ट्वीट कर यह जानकारी साझा की है कि मुकेश खन्ना की टिप्पणी पर दिल्ली महिला आयोग सख्त एक्शन की मांग कर रहा है। उन्होंने लिखा है, ‘शक्तिमान का किरदार निभाने वाले एक्टर मुकेश खन्ना द्वारा महिलाओं के खिलाफ दिए गए आपत्तिजनक बयानों पर एफआईआर दर्ज करवाने हेतु दिल्ली पुलिस को हमने नोटिस जारी किया है।’
इस बारे में दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल का कहना है, ‘यह बयान महिलाओं के प्रति आक्रामक और स्त्री जाति से द्वेष करने वाला है। अभिनेता के इस बयान पर आईपीसी के कई सेक्शन के तहत एक्शन लिया जाना चाहिए। लिहाजा साइबर क्राइम दिल्ली पुलिस को इस बारे में एफआईआर करने के लिए नोटिस जारी किया है। साथ ही एफआईआर की कॉपी के साथ इस मामले में उठाए गए कदम की रिपोर्ट डीसीडब्ल्यू को 13 अगस्त शाम 4 बजे तक देने के लिए कहा है। बता दें कि स्वाति मालीवाल ने एक ट्वीट के जरिए अभिनेता पर तंज भी कसा है। स्वाति मालीवाल ने कहा है, ‘शक्तिमान सिर्फ हवा में उड़कर नहीं, बल्कि महिलाओं का सम्मान करने से बनते हैं। इस तरह लड़कियों को ‘धंधे वाली’ बोलना मुकेश खन्ना की घटिया सोच दर्शाता है। इनका शो देखकर शैतान बच्चे बोलते थे ‘सॉरी शक्तिमान’। आज अपने बयान के लिए इन्हें पूरे देश से माफी मांगनी चाहिए।







