मध्यप्रदेश के सागर जिले के बंडा क्षेत्र में जहरीली शराब पीने से दो लोगों की मौत का मामला गरमा गया है। घटना को लेकर बंडा के पूर्व कांग्रेस विधायक तरवर सिंह लोधी ने प्रदेश सरकार और स्थानीय प्रशासन पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार पर रोक लगाने में प्रशासन की नाकामी का आरोप लगाते हुए शराब माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
लोधी ने मांग की कि क्षेत्र में अवैध शराब के ठिकानों पर तत्काल अभियान चलाया जाए और इस कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि समय रहते इस पर अंकुश नहीं लगाया गया तो भविष्य में भी ऐसी घटनाएं हो सकती हैं।
तीसरे व्यक्ति की हालत गंभीर, जिला अस्पताल में भर्ती
जानकारी के अनुसार, बंडा क्षेत्र में जहरीली शराब का सेवन करने से दो लोगों की मौत हो गई है, जबकि तीसरे व्यक्ति की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। गंभीर रूप से बीमार युवक को उपचार के लिए सागर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है।






