लॉरेंस के करीबी गोल्डी पर यूएस ने कसा शिकंजा: एफबीआई ने घोषित किया मोस्ट वांटेड भगोड़ा, रखा ₹9 करोड़ का इनाम

गैंगस्टर गोल्डी बराड़ की तलाश में अमेरिका और कनाडा की जांच एजेंसियों ने शिकंजा कस दिया है। अमेरिका की संघीय जांच एजेंसी एफबीआ ने उसे अपनी ‘टॉप 10 मोस्ट वांटेड भगोड़े’ की सूची में शामिल किया है। वहीं, कनाडा ने भी हाल ही में उसे देश के 25 सबसे वांछित भगोड़ों की सूची में शीर्ष स्थान पर रखा है। एफबीआई ने गोल्डी बराड़ की सूचना देने वाले को 10 लाख अमेरिकी डॉलर (9.26 करोड़ रुपये) तक का इनाम देने की घोषणा की है। वहीं, कनाडा में उसकी गिरफ्तारी से जुड़ी जानकारी देने पर 2.5 लाख कनाडाई डॉलर तक का इनाम घोषित किया गया है।

एफबीआई ने 28 सितंबर 2026 को सतिंदरजीत सिंह उर्फ गोल्डी बराड़ को अपनी मोस्ट वांटेड सूची में शामिल किया था। वह इस सूची में शामिल होने वाला 543वां भगोड़ा है। अमेरिकी एजेंसी के मुताबिक, बराड़ लॉरेंस बिश्नोई संगठित अपराध गिरोह का उत्तरी अमेरिका में कथित प्रमुख है। इस गिरोह पर अमेरिका और कनाडा में कई हिंसक अपराधों में शामिल होने के आरोप हैं। एफबीआई के अनुसार, इन अपराधों में राजनीतिक और धार्मिक हस्तियों की लक्षित हत्याएं, गोलीबारी, हत्या, अपहरण, जबरन वसूली, हमले और मादक पदार्थों व हथियारों की तस्करी शामिल हैं। अमेरिकी एजेंसी ने बराड़ को बेहद खतरनाक और हथियारबंद बताया है।

अमेरिका में किन मामलों में गोल्डी पर केस दर्ज?

एफबीआई के मुताबिक, गोल्डी बराड़ के खिलाफ अमेरिका की संघीय अदालत में कई गंभीर आरोप दर्ज हैं। इनमें संगठित अपराध गिरोह चलाने की साजिश, जबरन वसूली के लिए साजिश और मादक पदार्थों के वितरण की साजिश शामिल है।

और पढ़े  छठ महापर्व: श्रद्धालुओं ने उगते सूर्य को दिया अर्घ्य, CM रेखा गुप्ता ने आईटीओ पर की पूजा, अनुष्ठान संपन्न

अमेरिकी जांच एजेंसी ने बताया कि सात जुलाई 2026 को ऑपरेशन हार्डबॉल के तहत तीन अंतरराष्ट्रीय संगठित अपराध गिरोहों से जुड़े 37 आरोपियों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किए गए थे। इनमें लॉरेंस बिश्नोई और गोल्डी बराड़ से जुड़े गिरोह के सदस्य भी शामिल हैं। एफबीआई के अनुसार, बिश्नोई गिरोह का नेटवर्क कई देशों में फैला हुआ है। इस गिरोह पर अमेरिका में भी हिंसक गतिविधियों, जबरन वसूली और मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल होने के आरोप हैं।

 

कनाडा ने टॉप-25 वांछितों की सूची में पहले स्थान पर क्यों रखा?

इससे पहले 19 नवंबर को कनाडा के बोलो प्रोग्राम ने देश के 25 सबसे वांछित भगोड़ों की नई सूची जारी की थी। इसमें गोल्डी बराड़ को पहले स्थान पर रखा गया। कनाडा के विनिपेग पुलिस विभाग ने उसकी गिरफ्तारी में मददगार सूचना देने वाले को 2.5 लाख कनाडाई डॉलर तक का इनाम देने की घोषणा की है। यह इनाम कनाडा या अमेरिका में उसकी गिरफ्तारी से जुड़ी जानकारी देने पर मिलेगा। इसकी समयसीमा दो नवंबर 2027 तक है।

विनिपेग पुलिस को बराड़ की तलाश 20 सितंबर 2023 को हुई सुखदूल सिंह गिल उर्फ सुखा दुनेके की हत्या के मामले में है। पुलिस के मुताबिक, इस दिन विनिपेग के हेजलटन ड्राइव इलाके में गोलीबारी हुई थी, जिसमें 39 वर्षीय सुखदूल सिंह की मौत हो गई थी। इस मामले में 23 फरवरी 2026 को गोल्डी बराड़ और करणबीर सिंह के खिलाफ फर्स्ट डिग्री मर्डर और हत्या की साजिश रचने के आरोप में गिरफ्तारी वारंट जारी किए गए थे।

 

कनाडा में बिश्नोई गिरोह को आतंकवादी संगठन क्यों घोषित किया गया?

कनाडा सरकार ने सितंबर 2025 में लॉरेंस बिश्नोई गिरोह को आतंकवादी संगठन घोषित किया था। कनाडाई अधिकारियों के मुताबिक, गिरोह पर भारतीय मूल के लोगों और अन्य समुदायों के बीच हिंसा, धमकी और जबरन वसूली के जरिए डर का माहौल बनाने के आरोप हैं। गोल्डी बराड़ पर भारत में भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अमेरिका और कनाडा की एजेंसियों की कार्रवाई के बाद उसकी तलाश तेज हो गई है।

  • Related Posts

    दिल्ली में दर्दनाक हादसा: खुले बिजली ट्रांसफॉर्मर की चपेट में आने से मासूम की मौत, खेलते समय लगा करंट

    विकासपुरी के इंदिरा कैंप नंबर-4 स्थित डीडीए मार्केट कॉम्प्लेक्स में छुपन-छुपाई खेलते समय करंट लगने से एक मासूम बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है…

    अमेरिका में हैकर्स का फिर हमला: एफबीआई के आपराधिक रिकॉर्ड्स में दूसरी बार लगी सेंध, जानें यह कितना खतरनाक

    अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा और डेटा सुरक्षा तंत्र को एक बार फिर बड़ा झटका लगा है। फेडरल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (FBI) के सबसे महत्वपूर्ण ‘नेशनल क्राइम इंफॉर्मेशन सेंटर’ (NCIC) डेटाबेस में…