जिस थाने की जिम्मेदारी अपराधियों और संदिग्धों को सुरक्षित अभिरक्षा में रखने की है, उसी थाने के लॉकअप से एक विदेशी नागरिक के फरार होने का मामला सामने आया है। घटना तलैया थाने की है, जहां पासपोर्ट से जुड़े एक मामले में हिरासत में रखे गए विदेशी नागरिक ने पुलिस की निगरानी को चकमा देकर फरार हो गया। घटना शुक्रवार सुबह की बताई जा रही है। इस घटना ने थाने की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद मामला और गंभीर हो गया है। सवाल उठ रहे हैं कि आखिर लॉकअप में बंद विदेशी नागरिक पुलिस की निगरानी से कैसे बच निकला? उस समय लॉकअप की सुरक्षा के लिए पर्याप्त पुलिसकर्मी तैनात थे या नहीं? ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मी क्या कर रहे थे और विदेशी नागरिक के फरार होने की जानकारी पुलिस को कब मिली?
कोतवाली एसीपी संतोष पटेल ने बताया कि घटना शुक्रवार सुबह की है। फरार विदेशी नागरिक की तलाश की जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि घटना के समय थाने में कौन-कौन से पुलिसकर्मी ड्यूटी पर थे और निगरानी में कहां चूक हुई। पुलिस अधिकारी सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जिम्मेदारी तय कर संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की बात कह रहे हैं।






