भिवाड़ी फैक्टरी धमाके में अधिकतर मृतक बिहार निवासी-: 4 गंभीर घायल दिल्ली रेफर, मैनेजर हिरासत में

राजस्थान के औद्योगिक शहर भिवाड़ी के खुशखेड़ा–करौली औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक केमिकल फैक्टरी में सोमवार सुबह हुए भीषण धमाके और अग्निकांड ने पूरे क्षेत्र को दहला दिया। प्रशासन के अनुसार 8 मजदूरों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 4 गंभीर रूप से झुलसे श्रमिकों को बेहतर उपचार के लिए दिल्ली रेफर किया गया है। हादसे के समय फैक्टरी में करीब 25 मजदूर कार्यरत थे। राहत एवं बचाव कार्य कई घंटों की मशक्कत के बाद पूरा किया गया और फैक्टरी को सील कर दिया गया है।

 

 

सुबह 9:22 बजे धमाकाडेढ़ घंटे बाद आग पर काबू
सुबह करीब 9:22 बजे पुलिस नियंत्रण कक्ष को आग लगने की सूचना मिली। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेज धमाके के बाद आग ने विकराल रूप ले लिया। कई मजदूरों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला। खुशखेड़ा और रीको भिवाड़ी फायर स्टेशन की दमकल गाड़ियों ने करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। अत्यधिक तापमान और धुएं के कारण सर्च ऑपरेशन में कठिनाई आई।

 

छह मृतकों की पहचानअन्य की DNA से होगी शिनाख्त
विस्फोट की तीव्रता इतनी अधिक थी कि कई शव बुरी तरह झुलस गए। कुछ स्थानों पर केवल कंकाल अवशेष और शरीर के अंग मिले। प्रशासन ने अवशेषों को एकत्र कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। कुछ मृतकों की पहचान डीएनए परीक्षण के माध्यम से कराई जाएगी।

प्रशासन के अनुसार, मृतकों में से छह की पहचान बिहार के मोतिहारी निवासी श्रमिकों के रूप में हुई है, जिनमें सुजांत पुत्र शिव पासवान, मिंटू पुत्र सिकंदर पासवान, अजीत पुत्र सुरेंद्र, रवि पुत्र राजदेव, श्याम पुत्र जयदेव और अमरेश पुत्र कृष्ण लाल आदि शामिल हैं। अन्य मृतकों की पहचान दस्तावेजों और परिजनों के माध्यम से कराई जा रही है। घायलों को पहले स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से दो की हालत गंभीर होने पर उन्हें एम्स दिल्ली भेजा गया।

और पढ़े  सुप्रीमकोर्ट: शीर्ष अदालत का कड़ा रुख, कहा- उपभोक्ता कानून के दायरे में ही रहेंगे डॉक्टर, मामला क्या?

वहीं, हादसे के बाद बिहार के मुख्यमंत्री ने अभी तक पांच मजदूरों की मौत की पुष्टि करते हुए सभी के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। साथ ही मृतक के आश्रितों को दो-दो लाख रुपय देने की घोषणा की है।

 

अवैध पटाखा निर्माण का खुलासा
प्राथमिक जांच में फैक्टरी में अवैध रूप से पटाखा निर्माण की पुष्टि हुई है। मौके से बारूद, तैयार पटाखे और पैकिंग सामग्री बरामद की गई है। फैक्टरी मैनेजर अभिनंदन को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि मालिक राजेंद्र और लीजधारक तिवारी की तलाश जारी है।

मंत्री व जनप्रतिनिधियों का दौरा
घटना के बाद पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन राज्य मंत्री संजय शर्मा ने घटनास्थल और अस्पताल का निरीक्षण कर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। अलवर सांसद बालक नाथ भी मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया। जिला कलेक्टर डॉ. अर्तिका शुक्ला, एडीएम सुमिता मिश्रा, एडिशनल एसपी अतुल साहू और पुलिस अधीक्षक मनीष चौधरी सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी घटनास्थल पर मौजूद रहे और राहत कार्यों की निगरानी करते रहे।
मृतकों के आश्रितों को 3-3 लाख रुपये आर्थिक सहायता की घोषणा
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भिवाड़ी के खुशखेड़ा औद्योगिकी क्षेत्र स्थित फैक्टरी में आग से हुई दुखान्तिका पर शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के आश्रितों के लिए आर्थिक सहायता स्वीकृत की है।  मुख्यमंत्री ने कहा कि शोक की इस घड़ी में राज्य सरकार मृतकों के परिजनों के साथ खड़ी है। उन्हें पूरी मदद देने और घायलों के हरसंभव उपचार के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। मृतकों के आश्रितों को 3-3 लाख रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है।
  • Related Posts

    तूफान का 24 घंटे पहले खुलेगा राज: वैज्ञानिकों ने खोजे चार संकेत, तटीय इलाकों में बचेंगी हजारों जानें

    अब वैज्ञानिक तूफानों के अचानक महा-विनाशकारी बनने की सटीक भविष्यवाणी 24 घंटे पहले कर सकेंगे, जिससे तटीय इलाकों में हजारों लोगों की जान बचाई जा सकेगी। हरीकेन हंटर्स के डेटा…

    बेटियों को जिस्मफरोशी से बचाने के लिए 7-12 साल में सगाई, गुजरात के वडिया की कड़वी हकीकत

    गुजरात के अहमदाबाद से लगभग दो सौ किलोमीटर दूर बनासकांठा जिले में बसा वडिया गांव आज भी ऐसी दर्दनाक और कड़वी सच्चाई से जूझ रहा है, जहां की लड़कियों के…