नवी मुंबई के सानपाड़ा स्थित माफको मार्केट इलाके में रविवार की रात एक तेल कंपनी के गोदाम में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में गोदाम से ऊंची लपटें और धुएं के घने गुबार उठने लगे। घटना के बाद आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग पर काबू पाने के लिए दमकल विभाग की कई टीमों को मौके पर भेजा गया।
आग की सूचना मिलते ही नवी मुंबई के अलग-अलग दमकल केंद्रों से गाड़ियां रवाना की गईं। ऐरोली, रबाले, कोपरखैरणे, वाशी, नेरुल और सीबीडी बेलापुर के दमकल केंद्रों की टीमों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का अभियान शुरू किया। दमकलकर्मी गोदाम के भीतर तक पहुंचकर आग पर काबू पाने की कोशिश में जुटे रहे।
छुट्टी के कारण कर्मचारियों की मौजूदगी नहीं होने की सूचना
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, रविवार की छुट्टी होने के कारण गोदाम में कर्मचारियों की मौजूदगी नहीं थी। इससे संभावित रूप से बड़ी जनहानि टलने की बात कही जा रही है। हालांकि, आग से गोदाम में रखे तेल, मशीनरी और अन्य सामान को भारी नुकसान पहुंचने की आशंका है।








