ऑस्ट्रेलिया में रग्बी टीम के प्रशंसकों की भीड़ में एक कार घुसने से कई लोग घायल हो गए। यह घटना सिडनी के उत्तर में स्थित न्यूकैसल में शनिवार सुबह हुई। हादसे के समय बड़ी संख्या में प्रशंसक सड़क पर खड़े होकर न्यूकैसल नाइट्स टीम का इंतजार कर रहे थे।
जानकारी के अनुसार, रग्बी प्रशंसक शनिवार को टीम की बस के आने का इंतजार कर रहे थे। न्यूकैसल नाइट्स को रविवार को रग्बी लीग के फाइनल मुकाबले में खेलना है। इसी के चलते बड़ी संख्या में प्रशंसक टीम का हौसला बढ़ाने के लिए सड़क पर जुटे थे। इसी दौरान एक कार भीड़ में जा घुसी और कई लोग इसकी चपेट में आ गए।
ऑस्ट्रेलियन एसोसिएटेड प्रेस (AAP) की रिपोर्ट के अनुसार, घटना के बाद कार चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस और संबंधित एजेंसियां घटना की परिस्थितियों की जांच कर रही हैं। फिलहाल अधिकारियों की ओर से यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि कार भीड़ में कैसे पहुंची और चालक की मंशा क्या थी। हादसे में घायल लोगों की संख्या और उनकी स्थिति को लेकर भी तत्काल विस्तृत जानकारी उपलब्ध नहीं थी।
न्यू साउथ वेल्स एंबुलेंस अधिकारियों ने बताया कि घटना के बाद कई लोगों को घटनास्थल पर ही चिकित्सा सहायता दी जा रही थी। हादसे के बाद मौके पर आपातकालीन सेवाओं को सक्रिय किया गया। अधिकारियों की जांच के बाद ही हादसे की पूरी तस्वीर साफ होने की उम्मीद है।





