कोटद्वार: घमंडपुर में हादसा, तेज रफ्तार कार ने 2 बच्चों को मारी टक्कर, एक की मौत, दूसरा घायल

 भाबर क्षेत्र के घमंडपुर में रविवार सुबह तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से दो चचेरे भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में 10 वर्षीय वंश की उपचार के दौरान मौत हो गई जबकि 12 वर्षीय लक्ष्य को गंभीर हालत में जौलीग्रांट अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस ने कार चालक को गिरफ्तार कर वाहन कब्जे में ले लिया है।

पुलिस के अनुसार, रविवार सुबह करीब सात बजे पदमपुर सुखरो निवासी अभिषेक रावत (19) कार से घमंडपुर स्थित जिगर गार्डन के पास पहुंचा। इसी दौरान कार की चपेट में दुर्गापुरी निवासी वंश (10) पुत्र संदीप कुमार और उसका चचेरा भाई लक्ष्य (12) पुत्र प्रदीप कुमार आ गए। दोनों सुबह टहलने निकले थे। वंश नवयुग स्कूल में कक्षा तीन और लक्ष्य एमकेवीएन स्कूल में कक्षा पांच का छात्र है।
हादसे में गंभीर घायल वंश की उपचार के दौरान मौत हो गई। वहीं लक्ष्य को बेस अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया। परिजन उसे लेकर जौलीग्रांट अस्पताल रवाना हुए। मृतक के दादा मनोहरलाल की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
हैंडब्रेक लगाने पर बेकाबू हुई कार
पुलिस पूछताछ में चालक ने बताया कि तेज रफ्तार कार को नियंत्रित करने के लिए उसने हैंडब्रेक लगाया था। इससे कार अनियंत्रित होकर सड़क की दूसरी तरफ चली गई और दोनों बच्चों को टक्कर मारने के बाद रेस्टोरेंट के गेट के बाहर लगे पेड़ को तोड़ते हुए दीवार से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दीवार भी टूट गई और कार उसमें फंस गई।
घर का इकलौता चिराग था वंश
वंश अपने घर का इकलौता बेटा था। उसके पिता प्रदीप कुमार कपड़े और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के थोक व्यापारी हैं। वह शनिवार से पर्वतीय क्षेत्र में सामान पहुंचाने गए थे। हादसे की सूचना मिलते ही वह कोटद्वार लौट आए। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा है। हादसे के बाद से परिजन गहरे सदमे में हैं। चाचा-चाची घायल अपने बेटे लक्ष्य को लेकर जौलीग्रांट चले गए, जबकि बेस अस्पताल में वंश का शव रखा होने के कारण दादा और अन्य रिश्तेदार मौजूद रहे। वंश की मां घर पर बेसुध है।

और पढ़े  हादसा: नैनीताल जा रहे दंपति की कार और डंपर की भिड़ंत...पति की मौत, पत्नी घायल, बास्केटबॉल खिलाड़ी था मृतक

तेज रफ्तार वाहनों पर लगे अंकुश
कोटद्वार। घमंडपुर वार्ड में रविवार सुबह हुए हादसे पर पार्षद अमित नेगी ने चिंता जताई है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से सड़क पर आवागमन और मॉर्निंग वॉक के दौरान सतर्क रहने की अपील की। पार्षद ने शासन-प्रशासन से क्षेत्र की यातायात व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में पूर्व में भी पत्र और ज्ञापन के माध्यम से मांग रखी जा चुकी है। मुख्य चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर यातायात पुलिस की तैनाती, प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने और तेज रफ्तार वाहनों पर निगरानी के लिए स्पीड मॉनिटरिंग व्यवस्था की जानी चाहिए। स्कूलों, मुख्य मार्गों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने की भी मांग की।

  • Related Posts

    तीन लोगों को हत्या: जिस घर में चल रही थी दिवाली की तैयारी, वहां बह रहा आंसुओं का सैलाब

    रायपुर के विष्णुलोक कॉलोनी में जिस घर में दिवाली की तैयारियां चल रही थीं, वहां अब मातम पसरा है। जिस घर को त्योहार से पहले सजाने-संवारने में कपूर दंपती जुटा…

    जाम से हाहाकार: नैनीताल की बिगाड़ी यातायात व्यवस्था, डायवर्ट रूट से ज्योलीकोट पहुंचे पर्यटकों ने दिया धरना

    तीन दिन की छुट्टी के चलते नैनीताल में उमड़ी पर्यटकों की भीड़ का असर ज्योलीकोट मार्ग पर भी देखने को मिला। रविवार को ज्योलीकोट में लंबा जाम लगने से पर्यटक…