खौफनाक हादसा:- भीषण टक्कर के बाद बस-ट्रक धधके, आग के बीच चीख-पुकार से गूंजा इलाका, 3 की मौत, 25 घायल

बलरामपुर कोतवाली देहात क्षेत्र के फुलवरिया बाईपास पर मंगलवार भोर लगभग साढ़े चार बजे बड़ा हादसा हो गया। यात्रियों को सोनौली से दिल्ली लेकर आ रही निजी बस की भिड़ंत एक मालवाहक ट्रक से हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कुछ ही क्षण में बस और ट्रक दोनों में आग भड़क उठी।

हादसे में तीन यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 25 यात्री घायल हुए हैं। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय पुलिस, यातायात पुलिस और दमकल टीम ने तुरंत पहुंचकर आग बुझाने तथा राहत-बचाव कार्य शुरू किया।

घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी विपिन कुमार जैन और पुलिस अधीक्षक विकास कुमार मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने दुर्घटना स्थल का निरीक्षण किया और राहत कार्यों की गति बढ़ाने के निर्देश दिए। इसके बाद दोनों अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर घायलों से मिलकर उनकी स्थिति जानी तथा बेहतर चिकित्सा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। पुलिस द्वारा हादसे के कारणों की जांच जारी है।

जानकारी के मुताबिक, सोनौली से शहर होते हुए निजी बस फुलवरिया चौराहे पर दिल्ली जाने के लिए गोंडा की ओर बढ़ी थी। बस अभी पूरी तरह चौराहा से गुजर भी नहीं पाई थी कि तभी दूसरी तरफ फुलवरिया ओवरब्रिज की ओर से आ रहा ट्रक सीधे बस के बीचोबीच टकरा गया। इससे बस भी सड़क से खिसककर किनारे लगे ट्रांसफार्मर से भी टकरा गई। ट्रांसफार्मर में बिजली के तारों के छूने से बस में आग लगी और फिर ट्रक में भी आग लग गई। जिससे बस में सवार काफी यात्री झुलस गए हैं।

और पढ़े  UP 5वां सबसे बड़ा निर्यातक राज्य: सीएम योगी बोले- 2017 के पहले नहीं थीं बुनियादी सुविधाएं और अवसर

आग बुझाने के लिए ट्रक को सीधा किया गया। वह बस से टकराने के बाद पलट गया था। ट्रक के नीचे एक व्यक्ति का शव मिला, जो बुरी तरह झुलसा हुआ था। पहचान में नहीं आ रहा था। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि संभवतः ट्रक में बैठे व्यक्ति का शव है। ट्रक पलटने से निकल नहीं सका और दब गया है। फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन और राहत व बचाव में जुटी है।

  • Related Posts

    बरेली: गैंगस्टर एक्ट का वांछित बदमाश कासिम खां मुठभेड़ में घायल, पैर में लगी गोली, साथी भी गिरफ्तार

    बरेली के फरीदपुर कस्बे में बीसलपुर रोड पर साठा पुलिया के पास बृहस्पतिवार सुबह पुलिस और बाइक सवार बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में गैंगस्टर…

    अयोध्या- सेवा ज्योति यात्रा में शामिल होंगे BJP प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े

        भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित सेवा ज्योति यात्रा में सहभागिता करेंगे। यात्रा में…