Views: 47,861
सात वर्षीय सिख बच्चे के केश काटने को लेकर मंडी में विवाद गहरा गया है। मामला अब पुलिस थाने पहुंच गया है, जहां बच्चे के 72 वर्षीय दादा की शिकायत पर उसकी मां के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि बच्चे के केश जानबूझकर काटे गए, जिससे परिवार की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।
मंडी शहर निवासी बुजुर्ग ने 21 नवंबर को पुलिस थाना सदर में शिकायत दर्ज करवाई। शिकायत के अनुसार, उनका सात वर्षीय पोता मंडी के एक निजी स्कूल में पढ़ता है। आरोप है कि बच्चे की मां ने उसके केश काट दिए। दादा ने इस कदम को सिख धार्मिक मर्यादाओं के खिलाफ बताते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की।
शिकायत में मामले को धार्मिक भावनाओं से जुड़ा बताते हुए संबंधित महिला के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई गई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 299 के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है।
मामले को लेकर पुलिस अब सभी पक्षों के बयान दर्ज कर रही है। एसपी मंडी विनोद कुमार ने बताया कि शिकायत में लगाए गए आरोपों की तथ्यात्मक जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। फिलहाल मामला पुलिस जांच के अधीन है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है।