प्रदेश सरकार न तो पीटरहॉफ को बेच रही है और न ही किसी अन्य सरकारी संपत्ति को बेचने की योजना है। यह बात मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कही। उन्होंने जयराम ठाकुर के बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि पता नहीं वे इस तरह की बातें क्यों कहते हैं। मुख्यमंत्री राज्य सचिवालय परिसर में मीडिया से बातचीत कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि पीटरहॉफ में लीकेज की समस्या है। इसका पुराना भवन आग में जल गया था। इसके बाद नया पीटरहॉफ बनाया गया। अब सरकार इसका विस्तार कर रही है। कम से कम 100 कमरों की क्षमता वाला बड़ा पीटरहॉफ बनाया जाएगा। उन्होंने दोहराया कि सरकार की किसी भी संपत्ति को बेचने की मंशा नहीं है।
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी की पुस्तक बिलॉन्गिंग : ए जर्नी ऑफ लव पढ़ना शुरू किया है। मुख्यमंत्री ने पुस्तक के शुरुआती पन्नों का उल्लेख करते हुए कहा कि इसमें प्रेम, विरह, संघर्ष और धैर्य से गुजरती सोनिया गांधी की जीवन यात्रा का अनूठा वर्णन है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह जानना दिलचस्प है कि सोनिया गांधी ने विपरीत परिस्थितियों के बीच स्वयं को किस तरह गढ़ा। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे इस किताब को जरूर पढ़ें।
सार्वजनिक जीवन में रहने वाले व्यक्तियों के निजी अनुभवों और भावनात्मक पक्ष को जानने का अवसर कम ही मिलता है। इस लिहाज से यह पुस्तक खास है।उन्होंने युवाओं से इस पुस्तक को पढ़ने का आग्रह किया। मुख्यमंत्री के अनुसार इससे रिश्तों की अहमियत समझने के साथ विपरीत परिस्थितियों में धैर्य और दृढ़ता से आगे बढ़ने की सीख मिलती है। उन्होंने कहा कि पुस्तक के पन्नों के साथ सोनिया गांधी के जीवन के विभिन्न पड़ावों और उनके व्यक्तित्व के अनछुए पहलुओं को जानने की उत्सुकता भी बढ़ती जाती है।







