हल्द्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की रैली के बाद मंच का शुद्धिकरण किए जाने का मामला गुरुवार को राज्यसभा में गूंजा। सदन की कार्यवाही के दौरान विपक्ष के नेता खरगे ने इस मुद्दे को उठाते हुए कहा कि उनके संबोधन के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने मंच पर हवन कर शुद्धिकरण किया। उन्होंने इसपर कड़ी नाराजगी जताई। वहीं केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण’ है। उन्होंने खरगे की भावनाओं को ठेस पहुंचने पर खेद जताया।
आठ अगस्त की रैली के बाद रविवार को हिंदूवादी संगठनों ने रामलीला मैदान में शुद्धि हवन और गंगाजल छिड़काव किया था। आयोजकों का आरोप था कि रैली के दौरान मंच से इस्लामिक नारे लगे और आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले को जगह दी गई, जिससे मैदान की पवित्रता भंग हुई। इस घटना के बाद से हल्द्वानी में भाजपा-कांग्रेस आमने-सामने हैं। प्रशासन ने स्थिति को देखते हुए मैदान के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी थी।






