हल्द्वानी- गैस सिलिंडर नहीं मिलने से भड़के लोग, इंडेन गैस एजेंसी के बाहर किया प्रदर्शन

 

हल्द्वानी में कुकिंग गैस सिलिंडर न मिलने से गुस्साए उपभोक्ता गैस एजेंसी पहुंचने लगे हैं। सोमवार को तल्ली हल्द्वानी वार्ड के लोगों ने धानमिल स्थित इंडेन की गैस एजेंसी के बाहर नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि बुकिंग के बाद मोबाइल पर मैसेज आ रहा है लेकिन सिलिंडर नहीं पहुंच रहा है।

 

पार्षद मनोज जोशी के नेतृत्व में पहुंचे उपभोक्ताओं ने कहा कि एक ओर तो प्रशासन और केएमवीएन पर्याप्त कुकिंग गैस होने का दावा कर रहा है वहीं दूसरी ओर बुकिंग के बाद भी उपभोक्ताओं को सिलिंडर नहीं मिल रहे हैं। उन्होंने कुकिंग गैस वितरण के लिए क्षेत्र के हिसाब से दिन तय करने और व्यवस्था दुरुस्त नहीं होने पर एजेंसी पर ताला लगाने की चेतावनी दी। इस दौरान प्रदर्शनकारियों की एजेंसी कर्मियों से हल्की नोकझोंक भी हुई। घेराव करने वालों में हेम तिवाड़ी, नंदा बल्लभ तिवारी, प्रेमा मेहता, नीलम गुप्ता, ललित नेगी, प्रभा, खुशबू आदि शामिल रहे।

यहां है कुकिंग गैस की सबसे अधिक दिक्कत
तल्ली हल्द्वानी के केदारपुरम, केशवपुरम, बिहारी कॉलोनी, वसुंधरा कॉलोनी, मयूर विहार, स्पेरो कॉलोनी, मोरारजी नगर, शक्ति विहार आदि क्षेत्रों में लोग कुकिंग गैस सिलिंडरों के लिए परेशान हैं।

व्यवस्था जांचने एजेंसी पहुंचे महाप्रबंधक
कुमाऊं मंडल विकास निगम के महाप्रबंधक विजय नाथ शुक्ला ने सोमवार को सरस बाजार में स्थित इंडेन के कार्यालय पर पहुंचकर कुकिंग गैस वितरण की व्यवस्थाएं जांची। उन्होंने एजेंसी अधिकारियों व कर्मचारियों से नियमानुसार कुकिंग गैस की बुकिंग करने और उसी अनुरूप सिलिंडर बांटने को कहा। उन्होंने कहा कि बुकिंग के आधार पर ही सिलिंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

1700 सिलिंडर बांटे
शहर में सोमवार को इंडेन, भारत और एचपी ने 1500 से 1700 सिलिंडरों का वितरण किया जबकि जिले में पांच हजार से अधिक सिलिंडर बांटे गए। हल्द्वानी इंडेन की मुख्य एजेंसी में दोपहर बाद भी गैस उपलब्ध कराने के लिए फोन आने लगे, बताया कि 360 से अधिक सिलिंडर बांटे गए हैं।

और पढ़े  उत्तराखंड: प्रदेश में बिजली संकट से निपटने की तैयारी, 4 जगह बनेंगे मेगा बैटरी बैंक, नियामक आयोग की मंजूरी

बुकिंग के बाद भी गैस नहीं मिल पा रही है। सिलिंडर के लिए लोगों को भटकना पड़ रहा है। जल्द व्यवस्था में सुधार किया जाना चाहिए।-गोविंद उपाध्याय, रामपुर रोड

पहले बुकिंग की समस्या हो रही थी, अब गैस समय से नहीं मिल पा रही है। शुक्रवार का नंबर था लेकिन गाड़ी नहीं आई।-विनय बगडवाल, डहरिया

रसोई गैस की नियमित सप्लाई आ रही है। उपभोक्ताओं से अपील है कि एजेंसी के कार्यालय या सड़क पर लाइन लगाने के बजाय घर पर ही डिलीवरी लें।-मनोज वर्मा, जिला पूर्ति अधिकारी

कॉमर्शियल गैस दिलाने के लिए डीएम को भेजा ज्ञापन
व्यावसायिक सिलिंडर की आपूर्ति नहीं होने से व्यापारियों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। इस संबंध में सोमवार को प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल से जुड़े व्यापारियों ने प्रशासन के माध्यम से जिलाधिकारी को ज्ञापन भेजा। उनका कहना था कि होटल, रेस्टोरेंट संचालकों को सिलिंडर नहीं मिलने से कारोबार पर संकट खड़ा हो गया है। कैटरिंग व्यापारियों के सामने भी दिक्कतें आ रही हैं। उन्होंने व्यावसायिक सिलिंडरों की आपूर्ति शुरू कराने की मांग की है। जिलाध्यक्ष विपिन गुप्ता और महामंत्री हर्षवर्धन पांडे ने कहा कि प्रशासन को सिलिंडर वितरण में जरूरतमंद की पड़ताल करनी चाहिए।

गैस सिलिंडर नहीं मिलने पर गैस एजेंसी पहुंचीं ब्लॉक प्रमुख
रामनगर में गैस सिलिंडरों की होम डिलीवरी नहीं होने की शिकायत पर ब्लॉक प्रमुख मंजू नेगी सोमवार को इंडेन गैस एजेंसी पहुंची। उन्होंने जल्द ही होम डिलीवरी शुरू करने की मांग की। उन्होंने कहा कि शहरी में 25 व ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन की बुकिंग होने के बाद भी लोगों को सिलिंडर नहीं मिल रहे हैं। आरोप लगाया कि संबंधित विभाग लापरवाह बने हुए हैं। कॉमर्शियल सिलेंडरों की आपूर्ति पूरी तरह ठप है। ज्येष्ठ प्रमुख संजय नेगी ने कहा कि जल्द ही गैस आपूर्ति सुचारु नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा। संवाद

और पढ़े  उत्तराखंड में SIR पूरा: आज जारी होगी मतदाता सूची, जिनके नाम कटे, वे दोबारा ऐसे बनवा सकेंगे वोट

कोटाबाग में रसोई गैस नहीं मिलने पर गाड़ी का घेराव किया
कोटाबाग में तीन दिन बाद रसोई की गैस गाड़ी पहुंचने के बाद भी 50 लोगों को बिना सिलिंडर के निराश लौटना पड़ा। इस पर लोगों ने गाड़ी का घेराव कर विरोध जताया। इंडेन गैस एजेंसी के प्रबंधक प्रह्लाद मेहरा ने बताया कि क्षेत्र में 2200 सिलिंडर की बुकिंग के सापेक्ष 342 सिलिंडर बांटे गए। व्यापार मंडल अध्यक्ष नवीन पांडेय ने व्यावसायिक सिलिंडर की आपूर्ति बहाल करने की मांग की।

  • Related Posts

    जाम से हाहाकार: नैनीताल की बिगाड़ी यातायात व्यवस्था, डायवर्ट रूट से ज्योलीकोट पहुंचे पर्यटकों ने दिया धरना

    तीन दिन की छुट्टी के चलते नैनीताल में उमड़ी पर्यटकों की भीड़ का असर ज्योलीकोट मार्ग पर भी देखने को मिला। रविवार को ज्योलीकोट में लंबा जाम लगने से पर्यटक…

    उत्तराखंड / चंपावत: युवाओं को सौगात, डॉक्टरों का स्टाइपेंड बढ़ा, कुक्कुट पालकों को दो करोड़ की सब्सिडी, जानें..

    राज्य गठन के करीब 26 साल बाद पहली बार चंपावत जिले के बनबसा में मंत्रिमंडल की बैठक हुई। कैबिनेट बैठक में 24 प्रस्ताव पर चर्चा हुई। चुनावी वर्ष में सरकार ने…