हल्द्वानी के नवाबी रोड निवासी महिला को झांसे में लेकर जमीन के नाम पर 1.44 करोड़ रुपये की ठगी करने के बांछित आरोपी दीपांशु बेलवाल को पुलिस ने मंगलवार रात गिरफ्तार किया। वह पिछले कई माह से फरार चल रहा था।
एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल ने बताया कि नवाबी रोड निवासी कमला देवी और कुछ अन्य लोगों के साथ 1.44. करोड़ रुपये की धोखाधड़ी की गई। जमीन के नाम पर हुए इस खेल का आरोप दीपांशु बेलवाल (31 वर्ष) निवासी गौलापार पर लगा। तत्काल ही उसके खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 420, 467, 468 और 471 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।
वह प्राथमिकी के बाद से गायब था। उन्होंने बताया कि चोरगलिया एसओ हरपाल सिंह के नेतृत्व में टीम ने चोरगलिया से आरोपी दीपांशु बेलवाल को गिरफ्तार किया।
यह था मामला
छह फरवरी 2025 को डीआईजी को दिए शिकायतपत्र में कमला देवी ने कहा कि गौलापार के दीपांशु और उसकी मां शोभा देवी ने एक ही जमीन कई बार बेच दी। कमला के साथ ही उम्मेद सिंह, निशा सिंह, विमला देवी, बीना देवी, बलविंदर सिंह, खीमा देवी, गंगा देवी, उमाशंकर परेरू सहित 18 लोगों से पैसे लेकर जमीन बैनामा किया। दाखिल खारिज के दौरान मामला सामने आया। कमला ने बताया कि वह और अन्य खरीदारों ने दीपांशु व शोभा के अलावा दो अन्य खातों में भी रुपये डाले थे। दीपांशु के पासपोर्ट जब्त करने की भी मांग की। यह पैसे 24 अप्रैल 2024 से 16 अक्तूबर 2024 के बीच लिए गए थे।







