हल्द्वानी में रामपुर रोड पर टीपीनगर के पास स्थित द कूर्मांचल नगर सहकारी बैंक के रिकॉर्ड रूम में रविवार शाम साढ़े चार बजे शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। इससे वहां रखे कागजात जल गए। दमकल के दो वाहनों ने एक से डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। बैंक कर्मियों ने अधजले कागज बटोरे। टीपीनगर चौराहा से गुजरने वाले लोगों रविवार शाम अचानक बैंक के अंदर धुआं निकलता दिखाई दिया। सूचना पर सीएफओ गौरव किरार के साथ ही डेढ़ दर्जन से ज्यादा दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे। आसपास की दुकानों को खाली कराया गया। इसी बीच बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक हरीश चंद्र शाह और शाखा प्रबंधक वीरेंद्र सिंह भी अपने स्टाफ के साथ पहुंचे।









