गौरेला-पेंड्रा-मरवाही: ऑटो कंपनी की डीलरशिप के नाम पर कारोबारी को झांसे में लिया, साढ़े 3 लाख ठगकर आरोपी फरार

इलेक्ट्रिक स्कूटी कंपनी की डीलरशिप दिलाने के नाम पर गौरेला के एक ऑटो पार्ट्स कारोबारी से 3 लाख 60 हजार 500 रुपए की ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है। आरोपियों ने खुद को कंपनी का अधिकृत प्रतिनिधि बताकर कारोबारी को डीलरशिप दिलाने का भरोसा दिया और पंजीयन, प्रक्रिया व अन्य शुल्क के नाम पर अलग-अलग बैंक खातों में रकम ट्रांसफर कराई। रकम मिलने के बाद डीलरशिप नहीं दी गई और आरोपियों ने संपर्क करना बंद कर दिया। कारोबारी की शिकायत पर गौरेला पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार ग्राम अहिरानटोला, बांधामुड़ा निवासी 29 वर्षीय खुशीराम यादव रेस्ट हाउस रोड, डीपूपारा गौरेला में बाबा ऑटो पार्ट्स नाम से दुकान संचालित करते हैं। शिकायत के मुताबिक 24 अगस्त को दोपहर करीब 2:27 बजे उनके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से फोन आया। कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को कंपनी का प्रतिनिधि बताते हुए इलेक्ट्रिक स्कूटी की डीलरशिप के संबंध में जानकारी दी।

डीलरशिप लेने में रुचि दिखाने के बाद अलग-अलग मोबाइल नंबरों से कथित आरोपियों ने खुशीराम यादव से संपर्क किया। उन्होंने खुद को कंपनी की डीलरशिप दिलाने के लिए अधिकृत व्यक्ति बताया और पूरी प्रक्रिया कराने का भरोसा दिया। उनके निर्देश पर कारोबारी ने अलग-अलग तारीखों में बताए गए बैंक खातों में रकम जमा कराई।

शिकायत के अनुसार 28 अगस्त को 75,500 रुपए, 3 सितंबर को 2,000 रुपए, 4 सितंबर को 90,000 रुपए और 5 सितंबर को 1 लाख 93 हजार रुपए समेत अन्य लेनदेन के जरिए कुल 3 लाख 60 हजार 500 रुपए ट्रांसफर किए गए। रकम जमा करने के बाद जब कारोबारी ने डीलरशिप के संबंध में जानकारी मांगी तो आरोपी टालमटोल करने लगे। बाद में उन्होंने फोन उठाना और संपर्क करना बंद कर दिया। इसके बाद कारोबारी ने 11 सितंबर को थाना गौरेला में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने मामले में अपराध दर्ज कर मोबाइल नंबरों, बैंक खातों और ऑनलाइन लेनदेन की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि ठगी में कितने लोग शामिल हैं और आरोपियों ने कंपनी के नाम का इस्तेमाल किस तरह किया।

और पढ़े  तीन लोगों को हत्या: जिस घर में चल रही थी दिवाली की तैयारी, वहां बह रहा आंसुओं का सैलाब
  • Related Posts

    डबल मर्डर- छत्तीसगढ़: राजनांदगांव में मां-बेटे को बेरहमी से उतारा मौत के घाट, बेटी भी गंभीर रूप से घायल

    छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में डबल मर्डर की वारदात सामने आई है। दिल दहला देने वाली इस वारदात से पूरे इलाके में सनसनी मच गई है। पूरे इलाके में हड़कंप…

    तीन लोगों को हत्या: जिस घर में चल रही थी दिवाली की तैयारी, वहां बह रहा आंसुओं का सैलाब

    रायपुर के विष्णुलोक कॉलोनी में जिस घर में दिवाली की तैयारियां चल रही थीं, वहां अब मातम पसरा है। जिस घर को त्योहार से पहले सजाने-संवारने में कपूर दंपती जुटा…