एस्सेल ग्रुप के अध्यक्ष सुभाष चंद्रा ने रिलायंस समूह के मुखिया मुकेश अंबानी पर कई सनसनीखेज आरोप लगाए। उन्होंने कहा, अंबानी के मीडिया समूह टीवी18 के चैनल सीएनबीसी ने नेशनल कंपनी लॉ ट्राइब्यूनल (एनसीएलटी) में 22,000 करोड़ रुपये का लोन 6.5 करोड़ में सेटल करने का झूठ देश में फैलाया। चंद्रा ने यह आरोप भी लगाया कि मुकेश अंबानी ने 2019 में जी समूह में समस्या शुरू होने के बाद एक निवेशक इन्वेस्को के साथ मिलकर जी को हड़पना चाहा।
चंद्रा ने कहा, मुकेश जी कृपया मेरे और मेरे समूह के खिलाफ गलत प्रचार रोकिए। हमारे समूह पर 45 हजार करोड़ का कॉरपोरेट कर्ज था लेकिन हमने उसमें से 43 हजार करोड़ रुपये चुका दिए हैं।
- देश के जाने-माने उद्योगपति हर्ष गोयनका ने बृहस्पतिवार को सुभाष चंद्रा के बारे में विजय माल्या के ट्वीट को साझा कर अन्य कंपनियों को एनसीएलटी से मिली छूट का डाटा दिया और बैंकिंग प्रणाली पर सवाल उठाए।
- शुक्रवार को उन्होंने सुभाष चंद्रा की ओर से जारी स्पष्टीकरण का वीडियो साझा कर कहा कि उनका पक्ष भी सुना जाना चाहिए। गोयनका ने कहा, 22,000 करोड़ की बात पूरी तरह गलत समझी गई थी।






