दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ चुनाव में जीत के लिए कई दिनों से पसीना बहा रहे उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला शुक्रवार को इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) में बंद हो जाएगा। डूसू चुनाव के लिए मतदान शुक्रवार सुबह साढ़े आठ बजे शुरू होगा और एक बजे तक चलेगा। जबकि सांध्य कॉलेजों में मतदान दोपहर तीन बजे से शाम 7:30 बजे तक किया जाएगा। डीयू प्रशासन ने मतदान की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। चुनाव शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने कैंपस में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं।
मतदान के लिए छात्रों को कॉलेज की वैध आईडी दिखानी होगी। इस साल 9 सितंबर तक दाखिला ले पाए छात्र आई कार्ड न होने की सूरत में फीस स्लिप और अपनी किसी सरकारी आईडी दिखाने पर वोट कर सकेंगे। वहीं दूसरे व तीसरे वर्ष के छात्र आई कार्ड या सरकारी आईडी दिखाने पर मतदान कर सकेंगे। जिन छात्रों को कॉलेज या विभाग की ओर से आईडी कार्ड जारी नहीं किया गया है उन्हें सरकारी पहचान पत्र, जैसे आधार कार्ड और फीस रसीद के भौतिक सत्यापन के बाद ही प्रवेश मिलेगा।
चुनाव प्रचार के अंतिम दिनों में कुछ स्थानों पर हुई हिंसा और तोड़फोड़ की घटनाओं के बाद पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी है। उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त निहारिका भट्ट ने बताया कि मतदान और मतगणना के दौरान कॉलेजों के बाहर 1000 से 1500 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। पुलिस ने बृहस्पतिवार रात से ही कैंपस में मोर्चा संभाल लिया। स्थानीय पुलिस के अलावा अतिरिक्त पुलिस कंपनियों की भी तैनाती होगी। कॉलेज परिसरों में बाहरी लोगों के प्रवेश पर रोक रहेगी और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जाएगी।






