चाणक्यपुरी इलाके के एक पांच सितारा होटल में पूर्वोत्तर की एक युवती से तीन लोगों ने बदसलूकी की और उसे जबरन अपनी मर्सिडीज कार में खींचने की कोशिश की। आरोप है कि युवती के आरएमएल के डाॅक्टर दोस्त आयुष व दो अन्य ने जब इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उन पर हॉकी स्टिक और लोहे की रॉड से हमला कर दिया। चाणक्यपुरी थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने बताया कि तीनों आरोपियों दिव्यांशु, गौरव और मोहित की बाद में पहचान की गई और उनके खिलाफ चाणक्यपुरी थाने में मामला दर्ज किया गया। युवती को आरएमएल अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी चिकित्सकीय जांच की गई। पुलिस ने कहा कि युवती की शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अधिकारियोें के अनुसार आरएमएल अस्पताल में तैनात डाॅक्टर व उनके दोस्त अशोका होटल गए थे जहां पार्किंग में झगड़ा हुआ था।






