पूर्व मंत्री हरक सिंह रावत की करीबी मानी जाने वाली जसबीर कौर आनंद उर्फ सोनिया आनंद पर भवन खरीदने के नाम पर धोखाधड़ी करने और कब्जा करने का आरोप लगा है। दोनों हाथ गंवा चुके बुजुर्ग हरिओम सहगल ने शनिवार को एसएसपी देहरादून को शिकायती पत्र देकर मामले में कार्रवाई की मांग की है। उनका आरोप है कि भवन बेचने के सौदे में उन्हें पूरी रकम नहीं मिली और भुगतान के लिए दिया गया चेक बाउंस हो गया। इसके बाद उन्हें अपने ही भवन से बेदखल कर दिया गया। मामले की जांच एसपी सिटी को सौंपी गई है।
मुझे ब्लैकमेल कर रहा है सहगल : सोनिया आनंद
एसएसपी को शिकायत के बाद चर्चा में आए इस प्रकरण के संबंध में जसबीर कौर आनंद उर्फ सोनिया आनंद ने कहा कि उन पर लगाए गए आरोपी निराधार हैं। वह उक्त संपत्ति के सौदे की पूरी रकम संबंधित व्यक्ति और उसकी पत्नी को दे चुकी हैं। उन्होंने कहा कि हरिओम सहगल अब उन्हें ब्लैकमेल कर रहा है। उसकी कई लोगों की करीब सात लाख रुपये देनदारी बकाया थी वह राशि भी उन्होंने चुकता की थी। भुगतान संबंधी दस्तावेज उनके पास मौजूद हैं। पुलिस टीम ने उनसे अभी संपर्क नहीं किया लेकिन जांच में वह सहयोग करेंगी और सभी दस्तावेज पुलिस टीम के साथ साझा करेंगी।








