चारधाम यात्रा के समापन की घड़ियां नजदीक आने के साथ ही गंगोत्री और यमुनोत्री धाम में शीतकालीन कपाट बंद करने की तैयारियां तेज हो गई हैं। दीपावली के उल्लास के बीच दोनों धामों में मां गंगा और यमुना के मंदिरों को रंग-बिरंगे फूलों से भव्य रूप से सजाया गया है। यमुनोत्री धाम में तीन कुंतल और गंगोत्री धाम में पांच कुंतल फूलों से मंदिरों को सजाया गया है। फूलों से सजे मंदिरों की मनमोहक छटा श्रद्धालुओं को आकर्षित कर रही है। वहीं, अब दोनों धामों में मां गंगा और यमुना की विदाई की तैयारियां भी शुरू हो गई हैं। कपाट बंद होने के बाद दोनों देवियों की उत्सव डोली शीतकालीन प्रवास के लिए रवाना होगी।
तीन कुंतल फूलों से सजा यमुनोत्री मंदिर
यमुनोत्री धाम के कपाट 11 नवंबर को भैयादूज के पावन पर्व पर शीतकाल के लिए बंद होंगे। इसके लिए मंदिर समिति की ओर से तैयारियां की जा रही हैं। कपाट बंद होने से पहले यमुनोत्री मंदिर को करीब तीन कुंतल रंग-बिरंगे फूलों से सजाया गया है। कपाट बंद होने के बाद मां यमुना की उत्सव डोली पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ शीतकालीन प्रवास के लिए खरसाली गांव रवाना होगी। खरसाली स्थित मां यमुना के शीतकालीन मंदिर में श्रद्धालु पूरे शीतकाल के दौरान मां के दर्शन कर सकेंगे।
यमुनोत्री मंदिर समिति के सचिव सुनील उनियाल ने बताया कि दीपावली और भैयादूज पर्व को देखते हुए मंदिर को करीब तीन कुंतल रंग-बिरंगे फूलों से सजाया गया है। धाम के कपाट बंद करने के कार्यक्रम की तैयारियां की जा रही हैं। इसके बाद मां यमुना की उत्सव डोली खरसाली के लिए रवाना होगी।








