Bihar: सासाराम में स्ट्रांग रूम पर हंगामा, मतगणना स्थल में ट्रक घुसने से मची अफरातफरी, जांच शुरू

 

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के मद्देनज़र रोहतास जिला मुख्यालय सासाराम में बने मतगणना स्थल पर बुधवार की मध्य रात्रि को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक ट्रक अचानक स्ट्रांग रूम परिसर के अंदर घुस गया। ट्रक को मतगणना परिसर के अंदर जाते देख मौके पर मौजूद कई प्रत्याशियों के समर्थक हंगामा करने लगे। लोगों ने स्ट्रांग रूम की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए नारेबाजी शुरू कर दी। कुछ देर के लिए वहां अफरातफरी और तनाव का माहौल बन गया। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, पुलिस ने भी हंगामा कर रहे लोगों पर लाठीचार्ज किया, हालांकि पुलिस ने इस आरोप से इनकार किया है।

 

डीएम और एसपी मौके पर पहुंचे, जांच शुरू

हंगामे की सूचना मिलते ही जिला अधिकारी उदिता सिंह और पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। दोनों अधिकारियों ने मौके पर ट्रक की जांच की, जिसमें खाली बक्से पाए गए। डीएम ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज की जांच कराई जा रही है, और यदि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी पाई जाती है तो विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी। वहीं एसपी रौशन कुमार ने लाठीचार्ज के आरोपों को पूरी तरह खारिज करते हुए कहा कि स्थिति अब नियंत्रण में है।

 

रात भर डटे रहे प्रत्याशी और समर्थक

घटना के बाद अफवाह फैल गई कि स्ट्रांग रूम में ईवीएम बदली जा रही है। इस अफवाह के बाद सातों विधानसभा क्षेत्रों के कई प्रत्याशी देर रात घटनास्थल पर पहुंच गए। कई प्रत्याशी अपने भारी समर्थक दल के साथ रातभर मतगणना स्थल के बाहर जमे रहे और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते रहे।

प्रत्याशियों ने जताई नाराजगी, सौंपा ज्ञापन

और पढ़े  बिहार: पुलिस और अपराधी के बीच मुठभेड़, अंजनी हत्याकांड के मुख्य आरोपी के पैर में मारी गोली

करगहर विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी संतोष मिश्रा ने इस पूरे मामले की लिखित शिकायत चुनाव पर्यवेक्षक को सौंपी और जांच की मांग की। वहीं काराकाट से निर्दलीय प्रत्याशी ज्योति सिंह ने आरोप लगाया कि जब उनके समर्थक मतदान केंद्र के बाहर शांतिपूर्ण ढंग से अपनी मांग रख रहे थे, तभी पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। उन्होंने कहा कि जिस ट्रक ने स्ट्रांग रूम में प्रवेश किया, उसकी सीसीटीवी फुटेज से जांच की जानी चाहिए। आरजेडी प्रत्याशी सतेंद्र शाह ने भी समर्थकों पर हुए कथित लाठीचार्ज और ट्रक के प्रवेश को लेकर विशेष जांच की मांग की है। जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें, क्योंकि स्ट्रांग रूम पूरी तरह सुरक्षित और निगरानी में है। अधिकारियों ने कहा कि मतगणना की प्रक्रिया पारदर्शी और निष्पक्ष ढंग से कराई जाएगी। इस मामले में चेनारी विधानसभा के आरओ सह एडीएम से स्पष्टीकरण मांगा गया है।

  • Related Posts

    बिहार: भाजपा के वरिष्ठ नेता और SIS ग्रुप के संस्थापक डॉ. आरके सिन्हा का निधन, नोएडा में ली अंतिम सांस

    बिहार के वरिष्ठ भाजपा नेता, पूर्व राज्यसभा सांसद और पार्टी के संस्थापक सदस्यों में शामिल डॉ. रविन्द्र किशोर सिन्हा का 30 अक्टूबर 2026 को निधन हो गया। SIS ग्रुप के…

    बिहार: केके पाठक से भिड़े, शिक्षकों के हक में लड़े, अब फिर बने MLC, कौन हैं वंशीधर बृजवासी?

    बिहार विधान परिषद के तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी वंशीधर बृजवासी ने एक बार फिर जीत दर्ज कर राजनीतिक दलों को चौंका दिया है। शिक्षकों और…