Bihar: पकड़ी गई कालेधन की खेप, वैशाली एक्सप्रेस में 1 करोड़ रुपये के साथ पकड़ा गया माधव

 

 

बिहार विधानसभा चुनाव से पहले गोरखपुर जीआरपी को एक बड़ी सफलता मिली है। गुरुवार देर रात गोरखपुर रेलवे स्टेशन पर नियमित चेकिंग के दौरान वैशाली एक्सप्रेस से एक युवक को गिरफ्तार किया गया, जिसके पास से एक करोड़ रुपये की नकदी बरामद हुई। बताया जा रहा है कि युवक इन रुपयों को बिहार के मोकामा ले जाने की तैयारी में था।

चुनावों के मद्देनजर रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं। इसी क्रम में जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम वैशाली एक्सप्रेस में जांच कर रही थी। जब टीम एसी कोच के पास पहुंची, तो एक युवक संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिया। शक के आधार पर जब उसके बैग की तलाशी ली गई, तो उसमें नोटों के कई बंडल बरामद हुए। गिनती में रकम करीब एक करोड़ रुपये निकली।

 

पूछताछ में युवक ने अपना नाम मुकुंद माधव, निवासी मोकामा, जिला पटना (बिहार) बताया। उसने कहा कि वह किसी परिचित के कहने पर यह नकदी लेकर यात्रा कर रहा था, लेकिन रकम के स्रोत और गंतव्य के बारे में कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। अधिकारियों को शक है कि यह धनराशि हवाला कारोबार से जुड़ी हो सकती है और इसे चुनावी खर्च के लिए भेजा जा रहा था।

रेलवे क्षेत्राधिकारी (सीओ) विनोद कुमार सिंह ने बताया कि चेकिंग के दौरान मोकामा निवासी मुकुंद माधव को एक करोड़ रुपये नकद के साथ पकड़ा गया है। वह रकम के स्रोत के बारे में कोई ठोस जानकारी नहीं दे सका। बरामद नकदी को सीज कर दिया गया है और आयकर विभाग को सूचना दे दी गई है।

और पढ़े  देहरादूनमंत्री रेखा आर्या के पति गिरफ्तार: जेल में ही मनेगी साहू की दिवाली, प्रेस कॉन्फ्रेंस में होंगे कई अहम खुलासे

रकम भेजने वाले का पता लगाने में जुटी आयकर की टीम 
सूत्रों के अनुसार, जीआरपी यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी रकम कहां से आई और किसके लिए भेजी जा रही थी। प्रारंभिक जांच में आशंका है कि यह धनराशि हवाला के माध्यम से चुनावी प्रयोजन के लिए भेजी जा रही थी।

आयकर विभाग और खुफिया एजेंसियों को इस मामले की विस्तृत जांच के लिए शामिल किया गया है। गोरखपुर जीआरपी की यह कार्रवाई चुनावों के दौरान काले धन के प्रवाह पर रोक लगाने की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। फिलहाल युवक से पूछताछ जारी है और उसके मोबाइल व संपर्क सूत्रों की भी बारीकी से जांच की जा रही है।

  • Related Posts

    दिवाली पर पंजाब की हवा बनी ‘जहर’: लुधियाना में 500 एक्यूआई, पराली के साथ पटाखों का कॉम्बनेशन बना खतरनाक

    पंजाब में इस बार दीपावली पर खूब पटाखे चले। इस कारण दिवाली की रात पंजाब के अधिकतर शहरों की वायु गुणवत्ता खतरनाक स्तर तक पहुंच गई। रात 8 बजे से…

    नोएडा की हवा बेहद खराब: आधी रात को 1061 पहुंचा एक्यूआई, दिवाली के अगले दिन हवा में सांस लेना भी हुआ मुश्किल

    दिवाली पर आतिशबाजी का असर अगले दिन शहर की हवा में साफ नजर आया। रातभर चले पटाखों के शोर और उनसे निकले धुएं ने नोएडा की आबोहवा को जहरीला बना…