मसूरी में प्रशासन और एमडीडीए की बड़ी कार्रवाई: अपर माल रोड पर चला बुलडोजर, चार अवैध दुकानों को किया ध्वस्त

अपर माल रोड स्थित रॉक स्टोन के निकट अनधिकृत निर्माण के खिलाफ सोमवार सुबह प्रशासन और मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने बड़ी कार्रवाई की। एसडीएम के आदेश पर भारी पुलिस बल की मौजूदगी में एमडीडीए की टीम ने जेसीबी चलाकर चार दुकानों को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान मौके पर अफरा-तफरी का माहौल रहा और बड़ी संख्या में लोग जुटे रहे। एमडीडीए के सहायक अभियंता अजय मलिक ने बताया कि रॉक स्टोन के निकट अनधिकृत निर्माण को लेकर संजय मेहरोत्रा और राजीव मेहरोत्रा के खिलाफ प्राधिकरण में वाद दर्ज किया गया था। मामले में सुनवाई पूरी होने के बाद प्राधिकरण की ओर से 17 अगस्त 2026 को ध्वस्तीकरण आदेश जारी किया गया था। इसी आदेश के अनुपालन में सोमवार को चार दुकानों का ध्वस्तीकरण किया गया।

उन्होंने बताया कि ध्वस्तीकरण की कार्रवाई एसडीएम के आदेश पर अवर अभियंता अनुराग नौटियाल, अवर अभियंता अनुज पांडेय और सुपरवाइजर संजीव की मौजूदगी में संपन्न हुई। कार्रवाई के दौरान नायब तहसीलदार उपेंद्र सिंह राणा मौके पर तैनात रहे। वहीं, सुरक्षा व्यवस्था की कमान कोतवाली मसूरी के एसएचओ देवेंद्र सिंह चौहान ने संभाली। किसी तरह की अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए भारी पुलिस बल और महिला पुलिस कर्मियों की भी तैनाती की गई थी।

पुलिस की मौजूदगी में जेसीबी से चारों दुकानों को एक-एक कर ध्वस्त किया गया। कार्रवाई के दौरान आसपास के क्षेत्र में लोगों की भीड़ जमा हो गई। प्रशासन और एमडीडीए की टीम ने सुरक्षा व्यवस्था के बीच कार्रवाई को पूरा कराया।

और पढ़े  उत्तरकाशी: 20 हजार फीट की ऊंचाई पर चलने वाला पहला हेली रेस्क्यू अभियान, 67 पर्वतारोहियों को सुरक्षित निकाला

सहायक अभियंता अजय मलिक ने बताया कि ध्वस्तीकरण की कार्रवाई प्राधिकरण द्वारा जारी आदेश के अनुपालन में की गई है। संबंधित स्थल पर दोबारा किसी प्रकार का अनधिकृत निर्माण न हो, इसके लिए निगरानी रखी जाएगी।

मसूरी में अनधिकृत निर्माण के खिलाफ हुई इस कार्रवाई से निर्माणकर्ताओं में हड़कंप की स्थिति है। एमडीडीए अधिकारियों ने कहा कि नियमों का उल्लंघन कर किए गए निर्माण के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

  • Related Posts

    जाम से हाहाकार: नैनीताल की बिगाड़ी यातायात व्यवस्था, डायवर्ट रूट से ज्योलीकोट पहुंचे पर्यटकों ने दिया धरना

    तीन दिन की छुट्टी के चलते नैनीताल में उमड़ी पर्यटकों की भीड़ का असर ज्योलीकोट मार्ग पर भी देखने को मिला। रविवार को ज्योलीकोट में लंबा जाम लगने से पर्यटक…

    उत्तराखंड / चंपावत: युवाओं को सौगात, डॉक्टरों का स्टाइपेंड बढ़ा, कुक्कुट पालकों को दो करोड़ की सब्सिडी, जानें..

    राज्य गठन के करीब 26 साल बाद पहली बार चंपावत जिले के बनबसा में मंत्रिमंडल की बैठक हुई। कैबिनेट बैठक में 24 प्रस्ताव पर चर्चा हुई। चुनावी वर्ष में सरकार ने…