रास्ता मांगा, जवाब में मिली गोलियां: हॉर्न बजाने पर विपिन की हत्या, आरोपियों की क्राइम कुंडली आई सामने

गाजियाबाद जिले के लोनी क्षेत्र के रतिराम कॉलोनी में रविवार देर रात बाइक का हॉर्न बजाने को लेकर हुए विवाद में 25 वर्षीय विपिन कुमार की पेट में दो गोलियां मारकर हत्या कर दी गई। घटना में उनका चचेरा भाई गौरव गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने आरोपी महिला और उसके ससुर को गिरफ्तार कर लिया गया है। मुख्य आरोपी की तलाश की जा रही है।

वहीं, पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव लेकर थाने के सामने बैठ गए और जाम लगा दिया। करीब 20 मिनट तक चले धरना-प्रदर्शन से यातायात थमा रहा। बाद में अधिकारियों से दो हत्यारोपियों की गिरफ्तारी की जानकारी मिलने पर परिजन शांत हुए और घर लौट गए।

रतिराम कॉलोनी निवासी आजाद प्रजापति ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि रविवार को उनकी नवजात बेटी का नामकरण था। समारोह खत्म होने के बाद देर रात रिश्तेदारों को उनके गंतव्य तक छोड़ने की जिम्मेदारी छोटे भाई विपिन कुमार को दी गई थी।

रात करीब 11:45 बजे विपिन रिश्तेदार जतिन को छोड़ने के लिए गए थे। रास्ते में उनका चचेरा भाई गौरव मिल गया। विपिन ने गौरव को भी बाइक पर बैठा लिया। घर से करीब 150 मीटर दूर कॉलोनी में ही रहने वाला सोनू रास्ते में दोस्तों के साथ खड़ा था। उसे हटाने के लिए विपिन ने बाइक का हॉर्न बजाया, लेकिन सोनू ने रास्ता नहीं दिया। विपिन ने बाइक निकालने की कोशिश की तो आरोपी ने मारपीट कर दी। इससे वह बाइक समेत गिर गए।

दोनों भाइयों ने विरोध किया तो शोर सुनकर सोनू का पिता ब्रह्मपाल और पत्नी आशा भी मौके पर आकर विवाद करने लगे। आरोपियों ने विपिन को पीटना शुरू किया। गौरव ने उसे बचाने का प्रयास किया तो आरोपी उसे भी पीटने लगे।

और पढ़े  पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा: फौजी का पार्थिव शरीर लेकर लौट रहे बेटे समेत चार की मौत, योगी ने जताया दुख

इसी बीच सोनू घर से पिस्टल निकाल आया। पहले उसने गौरव पर गोली चलाई, जो उसके बाएं हाथ की अंगुली को छूती हुए निकल गई। इसके बाद उसने विपिन के पेट में दो गोलियां मार दीं और भाग निकला।

परिजन गंभीर रूप से घायल विपिन को दिल्ली के जीटीबी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टर ने उनको मृत घोषित कर दिया। गौरव को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी मिल गई। विपिन की मौत की खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया। पोस्टमार्टम के बाद शाम करीब 5:40 बजे परिजन हिंदू रक्षा के प्रदेश अध्यक्ष अमित प्रजापति व कार्यकर्ताओं के साथ विपिन के शव को एंबुलेंस में लेकर लोनी बॉर्डर थाने के सामने पहुंच गए। आक्रोशित लोग वहां आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए सड़क पर बैठ गए।

हंगामा बढ़ने पर सहायक पुलिस आयुक्त अंकुर विहार अमरदीप मौर्य ने परिजनों को दो आरोपियों की गिरफ्तारी की जानकारी दी और प्रदर्शनकारियों को समझाकर घर भेजा। इस घटनाक्रम के कारण लगे जाम से राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

आरोपी बाप-बेटे पर दर्ज हैं मुकदमे
पुलिस ने बताया कि जांच में सामने आया है कि हत्यारोपी आपराधिक प्रवृत्ति के हैं। सोनू पर वर्ष 2020 में हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज है। उसके पिता पर दिल्ली में वर्ष 2020 में हत्या का मुकदमा दर्ज है। आरोपियों का और आपराधिक रिकॉर्ड तलाशा जा रहा है। पीड़ित परिजनों ने पुलिस से हत्यारोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

होगी कठोर कार्रवाई : डीसीपी
युवक की हत्या की सूचना पर डीसीपी ग्रामीण सुरेंद्रनाथ तिवारी और एसीपी अंकुर विहार अमनदीप मौर्य मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और परिजनों को आश्वस्त किया हत्यारोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। डीसीपी ने बताया कि शिकायत पर सोनू, उसके पिता और पत्नी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। सोनू की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दी है। जल्द ही उसको गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

और पढ़े  लखनऊ में बाढ़: CM ने किया हवाई दौरा, फैजुल्लागंज से नैमिष तटबंध बनाने की घोषणा, पीड़ित परिवारों से मिले
  • Related Posts

    बरेली: गैंगस्टर एक्ट का वांछित बदमाश कासिम खां मुठभेड़ में घायल, पैर में लगी गोली, साथी भी गिरफ्तार

    बरेली के फरीदपुर कस्बे में बीसलपुर रोड पर साठा पुलिया के पास बृहस्पतिवार सुबह पुलिस और बाइक सवार बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में गैंगस्टर…

    अयोध्या- सेवा ज्योति यात्रा में शामिल होंगे BJP प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े

        भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित सेवा ज्योति यात्रा में सहभागिता करेंगे। यात्रा में…