श्रीनगर गढ़वाल- मोर्चरी के पास बिना चालक के दौड़ पड़ी एंबुलेंस, तीन वाहनों को मारी टक्कर, घर की बाउंड्री वॉल टूटी

श्रीकोट स्थित बेस चिकित्सालय की पुरानी मोर्चरी के पास बृहस्पतिवार दोपहर एक बड़ा हादसा उस समय होने से बच गया, जब एक एंबुलेंस अचानक बिना चालक के ही आगे बढ़ गई। बेकाबू एंबुलेंस ने रास्ते में खड़े तीन वाहनों और एक मकान की बाउंड्री को क्षतिग्रस्त कर दिया।

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना दोपहर करीब 2.30 बजे की है। बताया जा रहा है कि एंबुलेंस एक मरीज को लेकर देहरादून जा रही थी। वाहन में मरीज के साथ उसके परिजन भी सवार थे। इसी दौरान चालक किसी कार्य से कुछ देर के लिए एंबुलेंस से नीचे उतर गया। तभी एंबुलेंस अचानक आगे बढ़ने लगी।

 

स्थिति को भांपते हुए चालक ने दौड़कर एंबुलेंस को रोकने का प्रयास किया और दरवाजा खोलने की कोशिश की, लेकिन वह सफल नहीं हो सका। इस दौरान एंबुलेंस अनियंत्रित होकर आगे बढ़ती रही और रास्ते में खड़े तीन वाहनों को क्षतिग्रस्त करते हुए एक मकान की बाउंड्री से जा टकराई। हादसे में एंबुलेंस में सवार लोगों तथा चालक को मामूली चोटें आई हैं।

 

स्थानीय लोगों की मदद से सभी को सुरक्षित बाहर निकाला गया। गनीमत रही कि घटना के समय सड़क पर अधिक भीड़ नहीं थी, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। इस घटना से क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।

वहीं, श्रीनगर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कुलदीप सिंह ने बताया कि दोनों पक्ष कोतवाली पहुंचे हैं। क्षति का आकलन किया जा रहा है तथा मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

और पढ़े  हरिद्वार: अभिनेत्री उर्मिला सनावर गिरफ्तार, सुरेश राठौर की बेटी ने लगाए ब्लैकमेलिंग और रंगदारी मांगने के आरोप
  • Related Posts

    उत्तराखंड विधानसभा सत्र: CM धामी बोले-कांग्रेस के पाप धोने का काम कर रही है हमारी सरकार, सफाई जारी रहेगी

    मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि गैरसैंण में आयोजित विधानसभा का यह सत्र मौजूदा सरकार के कार्यकाल का अंतिम सत्र था। इस साल यहां विधानसभा के दो सत्र आयोजित किए गए।…

    अल्मोड़ा: प्रेमी के पहली पत्नी के पास लौटने से नाराज महिला ने किया हंगामा, पेड़ पर चढ़कर दी आत्महत्या की धमकी

    प्रेमी के पहली पत्नी और बच्चों के पास लौटने से नाराज महिला ने मंगलवार को अल्मोड़ा कलेक्ट्रेट स्थित एसडीएम कोर्ट में जमकर हंगामा किया। महिला ने आत्महत्या करने की धमकी भी…