मुंबई के लालबाग इलाके में गणपति उत्सव के दौरान रविवार तड़के बड़ा हादसा हो गया। कालाचौकी इलाके में गणपति पंडाल के पास करंट लगने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। मृतकों में आठ साल की बच्ची भी शामिल है। हादसा उस समय हुआ, जब लालबाग में गणपति उत्सव के चलते बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।
मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों से मिली जानकारी के मुताबिक, पांच घायलों को भायखला के मसीना अस्पताल ले जाया गया। वहीं, अन्य घायलों को परेल के ग्लोबल अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पतालों में घायलों का इलाज शुरू किया गया।
अधिकारियों ने बाद में हादसे में दूसरी मौत की पुष्टि की। ग्लोबल अस्पताल में भर्ती एक महिला ने भी चोटों के चलते दम तोड़ दिया। महिला की पहचान और हादसे से जुड़ी अन्य जानकारी अभी सामने नहीं आई है।






