अब हर जगह आधार कार्ड लेकर घूमने की जरूरत नहीं पड़ेगी क्योंकि अब आधार को आप डिजिटल तरीके से स्टोर, साझा और सत्यापित कर सकते हैं। फेस ऑथेंटिकेशन, बायोमेट्रिक लॉक और क्यूआर शेयरिंग के साथ यह एप आधार को कहीं भी और कभी भी इस्तेमाल की सुविधा देगा।
UIDAI ने ऐसा एप पेश किया है जिससे आप बेहतर गोपनीयता और नियंत्रण के साथ अपने स्मार्टफोन में आधार को डिजिटल तरीके से रख सकते हैं। यह एप एंड्रॉयड और आईओएस दोनों पर उपलब्ध है। इसमें आपको ज्यादा सुरक्षा, आसान पहुंच और पूरी तरह कागज रहित सुविधा मिलेगी। अब आप क्यूआर कोड के जरिए आधार को सुरक्षित तरीके से साझा कर सकते हैं और यह भी चुन सकते हैं कि कौन-सी जानकारी शेयर करनी हैं। जैसे अगर सिर्फ नाम और फोटो चाहिए, तो आप पता या जन्मतिथि जैसी संवेदनशील जानकारी छुपा सकते हैं।
UIDAI ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “अपनी डिजिटल पहचान को स्मार्ट तरीके से लेकर चलें! नया आधार एप ज्यादा सुरक्षा, आसान पहुंच और पूरी तरह कागज रहित अनुभव कहीं भी, कभी भी मुहैया कराता है”
यूजर देख सकेंगे उनका आधार कब और कहां इस्तेमाल हुआ
इस एप से आप अपना बायोमेट्रिक डाटा लॉक या अनलॉक कर सकते हैं, यह भी देख सकते हैं कि आपका आधार कब और कहां इस्तेमाल हुआ। साथ ही, एक ही जगह पर परिवार के कई आधार कार्ड स्टोर कर सकते हैं। यानी यह एप डिजिटल आईडेंटिटी मैनेजमेंट का वन-स्टॉप सॉल्यूशन होने वाला है।
नया आधार एप कैसे डाउनलोड करें?
नया आधार एप सेटअप करना आसान है। प्ले स्टोर या एप स्टोर से ‘Aadhaar’ एप डाउनलोड करें, जरूरी अनुमति दें और अपना आधार नंबर डालें। मोबाइल नंबर वेरिफाई करने के बाद एप फेस ऑथेंटिकेशन से आपकी पहचान की पुष्टि करेगा। फिर एप में सिक्योरिटी पिन सेट करें और एप इस्तेमाल के लिए तैयार हो जाएगा। UIDAI का उद्देश्य है कि आधार को ज्यादा सुरक्षित, फ्लेक्सिबल और यूजर फ्रेंडली बनाया जाए। इससे फिजिकल कार्ड की जरूरत कम होगी और लोग अपने डाटा पर पूरा कंट्रोल रख सकेंगे।
क्या नाम, जन्मतिथि, मोबाइल नंबर ऑनलाइन अपडेट हो सकते हैं?
कई मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि 1 नवंबर 2025 से myAadhaar पोर्टल पर नाम, जन्मतिथि और मोबाइल नंबर अपडेट करने की सुविधा मिलेगी। लेकिन UIDAI की वेबसाइट और myAadhaar पोर्टल पर यह सुविधा उपलब्ध नहीं है। फिलहाल सिर्फ पता ही है जो ऑनलाइन अपडेट हो सकता है, बाकी बदलाव के लिए आधार एनरोलमेंट सेंटर जाना पड़ता है।
अभी सिर्फ ऑनलाइन एड्रेस अपडेट की सुविधा
UIDAI पोर्टल के मुताबिक, अभी सिर्फ एड्रेस अपडेट ऑनलाइन हो सकता है। बाकी जानकारी जैसे नाम, जन्मतिथि/उम्र, लिंग, मोबाइल नंबर, ईमेल, रिलेशनशिप स्टेटस और डाटा शेयरिंग कंसेंट आदि के लिए एनरोलमेंट सेंटर जाना जरूरी है। ऑनलाइन अपडेट प्रक्रिया के बारे में UIDAI कहना है कि,”आप मोबाइल नंबर ऑनलाइन अपडेट नहीं कर सकते। इसके लिए आधार एनरोलमेंट सेंटर जाना होगा। आप ऑनलाइन अपॉइंटमेंट भी बुक कर सकते हैं, लेकिन बुकिंग के लिए अपना मौजूदा मोबाइल नंबर देना होगा।”
ऑनलाइन मोड में पता अपडेट करने का क्या है जरिया?
ऑनलाइन मोड में आधार नंबर होल्डर एड्रेस अपडेट रिक्वेस्ट myAadhaar पोर्टल पर डाल सकता है। इसके लिए आधार से लिंक मोबाइल नंबर होना जरूरी है। लॉगिन के लिए आधार नंबर डालना होगा और OTP से ऑथेंटिकेशन होगा। अपडेट पूरा करने के लिए सपोर्टिंग एड्रेस प्रूफ डॉक्यूमेंट अपलोड करना होगा।”







