केंद्र सरकार ने गुरुवार को दिल्ली हाईकोर्ट को सूचित किया कि कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के सह-संयोजक और प्रवक्ता सौरव दास के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर (एलओसी) जारी किया गया है, जिसके कारण उन्हें यूनाइटेड किंगडम (लंदन) की यात्रा करने से दिल्ली हवाई अड्डे पर रोका गया।
सौरव के भारतीय नागरिकता पर भी पड़ सकता है असर
केंद्र की ओर से पेश अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल (एएसजी) चेतन शर्मा ने न्यायमूर्ति अमित महाजन की पीठ को बताया कि दास के पासपोर्ट में पाई गई विसंगतियों का असर उनकी भारतीय नागरिकता पर भी पड़ सकता है। केंद्र सरकार के स्थायी वकील आशीष दीक्षित के साथ उपस्थित शर्मा ने स्पष्ट किया कि यह एलओसी मुंबई पुलिस के अनुरोध पर जारी की गई है।
अदालत की कार्यवाही और केंद्र का जवाब
मामले की सुनवाई न्यायमूर्ति अमित महाजन की पीठ के समक्ष हुई। अदालत ने केंद्र सरकार को नोटिस जारी कर इस मामले में विस्तृत जवाब मांगा है और अगली सुनवाई 9 दिसंबर के लिए तय की है।






