मथुरा-आगरा हाईवे पर अब मौत बनकर भारी वाहन नहीं दौड़ेंगे। पुलिस की ओर से आगरा की सीमा शुरू होते ही भारी वाहनों के लिए सख्त नो-एंट्री प्लान लागू कर दिया गया है। बृहस्पतिवार से तड़के 5 बजे से रात 11 बजे तक कुबेरपुर और रैपुरा जाट कट से ट्रक, ट्रॉला और टैंकर समेत किसी भी भारी वाहन को शहर की सीमा में प्रवेश नहीं मिलेगा। अमर उजाला की मुहिम के बाद मंडलायुक्त और पुलिस आयुक्त की ओर बुधवार को यह महत्वपूर्ण कदम उठाया गया।
पिछले 10 माह 25 दिन में आगरा-मथुरा हाईवे (एनएच-19) ने 111 लोगों की जिंदगी लील ली। इसको देखते हुए अमर उजाला ने 4 नवंबर से जनता की आवाज बनकर हाईवे पर भारी वाहनों के प्रवेश पर दिन में रोक लगाने के लिए मुहिम शुरू की। अमर उजाला ने कब तक लाल होंगी सड़कें नाम शुरू किए गए अपने अभियान में बताया कि किस तरह से 400 करोड़ रुपये की लागत से बना 14 किलोमीटर लंबा उत्तरी बाईपास खाली पड़ा है। आम लोगों की जिंदगी से खिलवाड़ करके भारी वाहनों को शहर के बीच से निकाला जा रहा है।
हाईवे पर बेलगाम दौड़ते भारी वाहनों से रोजाना होने वाली मौतों का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। इस अभियान से व्यापारी, चिकित्सक, शिक्षक, अभिभावक सहित पूरा शहर जुड़ता चला गया, जिसका असर यह हुआ कि जिला प्रशासन से लेकर पुलिस अधिकारियों को गंभीरता से विचार करना पड़ा।








