कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा के स्वागत समारोह के दौरान मंच का एक दृश्य सियासी गलियारों में नए सवालों को जन्म दे गया। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत और नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्या के बीच फूलमाला पहनाने के लिए हल्की खींचतान और नोकझोंक जैसी स्थिति दिखी। हालांकि कार्यक्रम के अंत में दोनों नेताओं ने इसे विवाद नहीं, आपसी प्रेम व सम्मान का प्रतीक करार दिया।
कार्यक्रम खत्म होने से पहले से इसके वीडियो प्रदेशभर में वायरल हो गए। मंच से उतरने के बाद कांग्रेस के बड़े नेता डैमेज कंट्रोल करते नजर आए। सैलजा के एक ओर यशपाल आर्य और दूसरी ओर हरीश रावत की मौजूदगी में इस घटना को आपसी प्रेम और सम्मान में ना-नुकुर करार दिया गया। जिलाध्यक्ष अर्जुन भट्ट ने भी इसे दोनों नेताओं के बीच सामान्य मजाक बताया।
वीडियो में क्या
कार्यक्रम के दौरान मंच पर हरीश रावत और यशपाल आर्य के बीच खींचतान जैसा नजारा दिखा। वीडियो में पहले हरीश रावत हाथ में फूलों की माला लेकर यशपाल आर्य को पहनाने के लिए आगे बढ़ते दिख रहे हैं। यशपाल आर्य उन्हें रोकते हुए माला अपने हाथ में ले लेते हैं। इसके बाद वह हरीश रावत की माला उन्हीं को पहनाने की कोशिश करते हैं लेकिन हरदा हाथ के इशारे से मना कर देते हैं। अंतत: हरीश रावत ने अपने साथ लाई माला यशपाल के हाथ से पहन ली लेकिन यशपाल ने नहीं पहनी। वह माला लेकर बैठ गए। दोनों नेताओं के चेहरे के हावभाव से मामले को तूल दे दिया। इस दौरान मंच पर मौजूद कांग्रेस प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा दोनों को देखकर मुस्कुराती नजर आईं।
यशपाल मेरे छोटे भाई और पार्टी के वरिष्ठ नेता हैं। क्षेत्र में वे आए थे इसलिए मैं पहले उनका स्वागत करना चाहता था जबकि वे सम्मानवश मुझे पहले माला पहनाने की जिद कर रहे थे। इसमें किसी तरह की नाराजगी जैसी कोई बात नहीं है। -हरीश रावत, पूर्व सीएम
हरीश रावत हमारे लिए बड़े भाई और अभिभावक तुल्य हैं। भला छोटा भाई बड़े भाई से पहले माला कैसे पहन सकता है? यह केवल बड़ों के प्रति सम्मान का भाव था जिसे कुछ लोगों ने गलत तरीके से प्रचारित किया। हम सब पूरी तरह एकजुट हैं। -यशपाल आर्य, नेता प्रतिपक्ष
मंच पर माला पहनाने के लिए कोई विवाद या नाराजगी नहीं थी। इसे खुद ही आपस में सुलझा लिया गया। विपक्ष या सोशल मीडिया पर इसे बेवजह तूल नहीं देना चाहिए। -कुमारी सैलजा, प्रदेश प्रभारी, उत्तराखंड कांग्रेस






