पटना जिले के बाढ़ अनुमंडल में रविवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य घायल हो गए। हादसा बख्तियारपुर के सबनीमा गांव के पास फोरलेन पर सुबह करीब पांच बजे हुआ। यहां शादी समारोह से लौट रही स्कॉर्पियो की एक ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो सवार तीन लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, एक अन्य घायल की बाढ़ अनुमंडलीय अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।
मृतकों की पहचान धीरज कुमार (26), पूनम कुमारी (27), बबली कुमारी (18) और रेणु कुमारी (20) के रूप में हुई है। पूनम दूल्हे की चचेरी बहन थी और सिकंदरा गांव की रहने वाली थी। उसकी मां ने बताया कि बेटी शादी समारोह में शामिल होने गई थी। घर लौटने के दौरान हादसे में उसकी जान चली गई।
वहीं, धीरज कुमार की मां ने बताया कि उनका बेटा पेशेवर चालक नहीं था। वह पढ़ाई कर रहा था और हाल ही में उसने 30 हजार रुपये की किताबें मंगाई थीं। शादी में स्कॉर्पियो चलाने के लिए उसे ले जाया गया था। धीरज परिवार का इकलौता बेटा था और बाढ़ के अकबरपुर गांव का रहने वाला था।
घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। सहायक अवर निरीक्षक (एएसआई) अंजनी कुमार ने बताया कि हादसा सबनीमा गांव के पास जगन्नाथ पेट्रोल पंप के नजदीक सुबह करीब पांच बजे हुआ। स्कॉर्पियो में 10 से 12 लोग सवार थे। तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि एक घायल को अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे में छह लोग घायल हुए हैं। इनमें कुछ को बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया है, जबकि अन्य का इलाज बख्तियारपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है।







